आठ युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, महिला का अपहरण कर वारदात को दिया अंजाम
महिला ने बताया बेटे की तबीयत खराब होने के कारण 2 अगस्त की रात को धर्मभाई के साथ जींद के गांव दनौदा से रुपये लेने के लिए जा रहे थे। वहां रास्ते में अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया
फतेहाबाद, जेएनएन। शहर के एक कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय महिला का अपहरण कर आठ युवकों दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता का आरोप है कि धर्मभाई के साथ फतेहाबाद से जींद के गांव दनौदा जाते समय चार मोटरसाइकिलों पर आए आठ युवक मारपीट कर उसे उठाकर ले गए और गांव जांडली कलां के पास सुनसान जगह पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मुन्ना पूनिया नाम के युवक को नामजद करते हुए आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
मामले के मुताबिक कार्यकारी महिला थाना प्रभारी शीला देवी का कहना है कि शनिवार को शहर फतेहाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत देकर बताया कि बेटे की तबीयत खराब होने के कारण 2 अगस्त की रात को धर्मभाई के साथ जींद के गांव दनौदा से रुपये लेने के लिए जा रहे थे। बारिश होने के कारण रास्ते में जमींदारा होटल पर रूक गए और वहां पर चाय पी। इसके बाद वहां से जींद के लिए चल पड़े। कुछ दूरी पर जाने के बाद चार मोटरसाइकिलों पर आए युवक आए और उनका रास्ता रोककर मारपीट शुरू कर दी।
इसके बाद उसका अपहरण करके गांव जांडलीकलां में सुनसान जगह पर ले गए। यहां पर आठ युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपित युवक उसे बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। ढूंढता हुआ धर्मभाई मौके पर पहुंचा और उसने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद वह थाना में पहुंचे। आरोपितों में मुन्ना पूनिया नामक का युवक भी शामिल था। फिलहाल महिला के बयान पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
शादी का झांसा देकर युवती से किया दुष्कर्म
एक अन्य मामले में टोहाना क्षेत्र की एक युवती ने कुरुक्षेत्र के एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। शहर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीडि़ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कुरुक्षेत्र में पढ़ती थी। वहां उसकी रेडीमेड का काम करने वाले अविनाश से मित्रता हो गई। उसने उसे विश्वास में लेकर कुरुक्षेत्र के एक होटल में कोल्ड-ड्रिंक में नशे की गोलियां मिलाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। जब उसने पूछा कि ऐसा क्यों किया। तो उसने कहा कि वह उससे शादी कर लेगा। इस संदर्भ में पीडि़ता ने जब कुछ समय बाद यह बात अपने परिजनों को बताई तो अविनाश ने शादी करने से मना कर दिया। पीडि़ता के अनुसार आरोपित 21 जुलाई को यहां आया तथा कहा कि वह तेरे घर के पास खड़ा है। जब वह घर से बाहर आई तो वह उसे जबरन गाड़ी में डालकर बलियाला विश्राम गृह की ओर ले गया। उससे दुष्कर्म के बाद वहीं छोड़कर चला गया। वहीं किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप