विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जिंदगी की ज्यादा प्लानिंग न करें, हर मोड़ पर करती है हैरान', हिसार में बोलीं टीवी स्टार हेली शाह

Published: Sun, 11 Oct 2026 08:46 PM (GMT+05:30)

टीवी अभिनेत्री हेली शाह ने हिसार में जागरण फिल्म फेस्टिवल में अपने 15 साल के अभिनय सफर, करियर के उतार-चढ़ाव और जीवन के अनुभवों को साझा किया।

हेली शाह ने हिसार में जागरण फिल्म फेस्टिवल में खोले अभिनय और जिंदगी के राज।

हेली शाह ने हिसार में जागरण फिल्म फेस्टिवल में खोले अभिनय और जिंदगी के राज।

HighLights

  1. हेली शाह ने हिसार में जागरण फिल्म फेस्टिवल में भाग लिया

  2. उन्होंने अपने 15 साल के अभिनय सफर और जीवन के सबक बताए

  3. अभिनेत्री ने कहा, जिंदगी की ज्यादा प्लानिंग नहीं करनी चाहिए

जागरण संवाददाता, हिसार। जिंदगी की बहुत ज्यादा प्लानिंग न करें, क्योंकि कई बार प्लानिंग निराश कर देती है। जिंदगी आपको समय-समय पर हैरान करती है और इसी में असली मजा है। यह कहना था टीवी अभिनेत्री हेली शाह का।

रविवार को दिल्ली रोड स्थित सनसिटी मॉल में दैनिक जागरण की ओर से आयोजित जागरण फिल्म फेस्टिवल में हेली शाह दर्शकों से रूबरू हुईं। उन्होंने अभिनय के 15 साल के सफर, करियर में आए उतार-चढ़ाव, पसंदीदा फिल्मों, ड्रीम रोल और जिंदगी से मिली सीख साझा की।

उन्होंने कहा कि हिसार आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। यहां जिस उत्साह और प्यार के साथ लोगों ने उनका स्वागत किया, वह देखकर वह हैरान रह गईं। संवाद सत्र में रिया मलिक ने हेली शाह से करियर और निजी अनुभवों से जुड़े सवाल पूछे। दर्शकों ने भी उनसे सीधे सवाल किए। हेली शाह ने अपने चिर-परिचित खुशमिजाज अंदाज में सभी सवालों के जवाब दिए।

WhatsApp Image 2026-10-11 at 8.35.24 PM

साथ ही जागरण फिल्म फेस्टिवल की सराहना की। हेली शाह को दैनिक जागरण के वरिष्ठ महाप्रबंधक ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं इसके बाद कार्यक्रम में एनिमेशन पर एआइ सेशन सहित अन्य फिल्में प्रसारित की गई। इस दौरान अक्षय मलिक परिवार सहित, रामलीला मंचन के कलाकारों सहित अन्य उपस्थित रहे।

हेली शाह से बातचीत के प्रमुख अंश

सवाल : शुरुआत में जो हेली शाह थीं और आज जो हैं, उनमें कितना बदलाव आया है?
जवाब : मैं आज भी वही इंसान हूं, जैसी पहले थी। अभिनय में आगे बढ़ने के साथ नए अनुभव मिले और परिपक्वता आई, लेकिन मैंने अपनी सादगी बनाए रखने की हमेशा कोशिश की। मुझे गर्व है कि मैं ऐसा कर पाई।

सवाल : हिसार के दर्शकों के लिए क्या कहना चाहेंगी?
जवाब : सभी को नवरात्र की शुभकामनाएं। हिसार पहुंचते ही जिस तरह ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया, उसे देखकर मैं हैरान रह गई। मुझे रिसीव करने के लिए गजब का उत्साह था। इतना प्यारा माहौल देखकर मैं बहुत खुश हुई।

WhatsApp Image 2026-10-11 at 8.36.07 PM

सवाल : अभिनय की शुरुआत कैसे हुई?
जवाब : मैंने करीब 15 साल पहले धारावाहिक ‘गुलाल’ से शुरुआत की थी। उस समय मैं 15-16 साल की थी। शुरुआत में बस इतना उत्साह था कि मैं टीवी पर दिखाई दूंगी और अपनी सहेलियों को बताऊंगी कि देखो, मैं टीवी पर आ रही हूं। शो खत्म होने के बाद अपने घर लौट गई, लेकिन तब तक अभिनय मुझे अच्छा लगने लगा था। इसके बाद मैंने इसे आगे जारी रखने का फैसला किया। यह मेरी अपनी पसंद थी और परिवार ने भी हमेशा मेरा साथ दिया।

सवाल : अगर 15 साल की हेली आज आपके सामने आ जाए तो उससे क्या कहेंगी?
जवाब : मैं उससे बात करना चाहूंगी। वह मुझसे आगे की यात्रा और भविष्य के बारे में पूछेगी। मैं सभी से यहीं कहूंगी कि भविष्य की बहुत ज्यादा प्लानिंग न करें, क्योंकि कई बार प्लानिंग निराश कर देती है। जिंदगी आपको समय-समय पर हैरान करती है। असली मजा भी इसी में है।

सवाल : क्या कम उम्र में अभिनय शुरू करने के कारण आपको जल्दी परिपक्व होना पड़ा?
जवाब : जब मैं अभिनय में आई, तब मेरे आसपास अधिकतर कलाकार उम्र में मुझसे बड़े थे। ऐसे में मैं थोड़ी रिजर्व्ड हो गई थी। उन लोगों के साथ रहते हुए मैंने काफी कुछ सीखा और कम उम्र में ही परिपक्व लोगों की तरह व्यवहार करने लगी। मैं जिंदगी में किसी बात का पछतावा नहीं रखना चाहती। मेरा मानना है कि जो भी होता है, उससे कुछ न कुछ अच्छा सीखने को मिलता है।

सवाल : अपनी अभिनय यात्रा में सबसे ज्यादा क्या मिस करती हैं?
जवाब : मैं अपनी कालेज लाइफ को मिस करती हूं। मैंने कालेज या उससे जुड़े जीवन पर आधारित कोई ऐसा किरदार भी नहीं निभाया है। कालेज जाने वाली लड़की, उसकी दोस्ती और रोमांस की कहानी का हिस्सा बनना अच्छा लगता। अब लगता है कि शायद इस तरह का किरदार निभाने का मौका मिले या नहीं।

सवाल : क्या किसी किरदार ने आपकी असल जिंदगी को भी प्रभावित किया है?
जवाब : मैंने इश्क में मरजावां और स्वरागिनी जैसे लंबे चलने वाले शो किए हैं। जब आप लंबे समय तक कोई किरदार निभाते हैं तो उसकी तरह सोचने लगते हैं। स्वरागिनी में स्वरा का किरदार निभाते हुए मैंने परिवार के लिए लड़ना और अपनों के साथ खड़े रहना सीखा। किसी किरदार से आपको बहुत कुछ सीखने को मिलता है।

सवाल : क्या एक ही तरह के किरदार में सफल होने के बाद कलाकार की छवि बन जाती है?
जवाब : जब आप लंबे समय तक एक तरह का काम करते हैं तो उसमें सहज हो जाते हैं। वह आपका सुरक्षित क्षेत्र बन जाता है। इश्क में मरजावां सीरियल के दौरान मैंने सोचा कि अगर इस समय जोखिम नहीं लूंगी तो कब लूंगी। इसके बाद मैंने नए तरह के काम करने का प्रयास किया। मुझे इस बात का गर्व रहेगा कि मैंने कुछ नया करने की कोशिश की। जिंदगी में कोशिश करना जरूरी है।

सवाल : टीवी से फिल्मों की ओर बढ़ते समय क्या चुनौतियां महसूस हुईं?
जवाब : मैंने जो कुछ भी सीखा है, वह टीवी से ही सीखा है। अपने आसपास के लोगों, निर्देशकों और पूरी टीम से बहुत कुछ सीखने को मिला। गुलाल से लेकर इश्क में मरजावां तक हर शो ने मुझे कुछ नया सिखाया। अगर आप लगातार सीखते हैं तो आगे बढ़ते हैं। नए अनुभवों के लिए कभी-कभी अपनी सहज स्थिति से बाहर निकलना पड़ता है।

सवाल : अभिनय से ब्रेक लेने का फैसला क्यों किया?
जवाब : वर्ष 2022-23 के दौरान मेरे पास कोई नया प्रोजेक्ट नहीं था और मैं नए लोगों के साथ काम करना चाहती थी। मुझे अपनी निजी जिंदगी के लिए भी समय चाहिए था। मैं काम और निजी जिंदगी को अलग नहीं कर पा रही थी। मेरे दोस्त भी काम के दौरान ही बने थे और मुझे लगने लगा था कि काम के अलावा मेरी जिंदगी में और क्या है। इसलिए मैंने ब्रेक लिया। मुझे पता था कि इससे मेरी नियमित कमाई प्रभावित होगी, लेकिन मैं खुद को समय देना चाहती थी।

सवाल : क्या ब्रेक के दौरान डर लगा कि आगे काम मिलेगा या नहीं?
जवाब : मैंने सकारात्मक सोच के साथ ब्रेक लिया था। मुझे नए लोगों के साथ काम करना था और अपनी जिंदगी को भी समझना था। मैं कोई भी काम करने से पहले उसके बारे में ज्यादा चर्चा नहीं करती। जब काम पूरा हो जाता है, तब बताती हूं। मेरा मानना है कि फैसले सोच-समझकर लेने चाहिए और उन पर भरोसा रखना चाहिए।

सवाल : किसी किरदार को चुनते समय किन बातों का ध्यान रखती हैं?
जवाब : जब कोई स्क्रिप्ट पढ़कर अच्छी लगती है और मन से आवाज आती है कि इसे करना चाहिए, तो मैं उस पर विचार करती हूं। शुरुआत में मैंने अपने आसपास के जीवन से जुड़े किरदार निभाए। अब मैं अलग-अलग तरह के किरदार करना चाहती हूं। मेरे शो इशिका को भी दर्शकों का प्यार मिल रहा है।

सवाल : किसी किरदार को निभाते समय भावनात्मक दबाव महसूस हुआ?
जवाब : ट्विंकल का किरदार निभाते समय मैं डरी हुई थी और भावनात्मक रूप से दबाव महसूस कर रही थी। इशिका का किरदार भी मेरे लिए भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण रहा। मेरा मानना है कि हर कलाकार को कभी-कभी ऐसे किरदार निभाने चाहिए, जो उसे अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।

सवाल : किरदार से बाहर निकलना कितना आसान होता है?
जवाब : मुझे शुरुआत से टीवी पर काम करने का मौका मिला है। इस दौरान किरदार में जाना और उससे बाहर निकलना मेरी ट्रेनिंग का हिस्सा रहा है। इसलिए मुझे इसमें ज्यादा परेशानी नहीं होती। हालांकि, हर कलाकार के लिए जरूरी है कि वह नए किरदारों की चुनौतियों को स्वीकार करे।

सवाल : आलोचना और ट्रोलिंग को किस तरह लेती हैं?
जवाब : अगर कोई मेरी सही आलोचना करता है तो मैं अपनी कमियों में सुधार करने का प्रयास करती हूं। लेकिन अगर कोई जानबूझ कर ट्रोल करता है तो उसे नजरअंदाज करती हूं। हम लगातार सीखते रहते हैं। हर शो और हर अनुभव हमें कुछ नया सिखाता है।

सवाल : गुजराती सिनेमा में काम करने का अनुभव कैसा रहा?
जवाब : मैं हिंदी और अंग्रेजी के साथ गुजराती में भी सहजता से बात कर लेती हूं। शुरुआत में गुजराती में काम करना थोड़ा अलग लगा, लेकिन धीरे-धीरे इसकी आदत हो गई। अलग भाषा में काम करने से नए अनुभव मिलते हैं और कलाकार के तौर पर सीखने का मौका मिलता है।

सवाल : आज आपके लिए सफलता का क्या मतलब है?
जवाब : सफलता को किसी एक परिभाषा में नहीं बांधा जा सकता। मेरे लिए सफलता का मतलब है कि मैं कितना बेहतर काम कर सकती हूं और कितनी ईमानदारी से कर सकती हूं। खुद को समझना और मन की शांति बनाए रखना सबसे ज्यादा जरूरी है।

सवाल : आपकी पसंदीदा फिल्में कौन-सी हैं और किस अभिनेता के साथ काम करना चाहेंगी?
जवाब : मुझे दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, कुछ कुछ होता है, ये जवानी है दीवानी और हेराफेरी जैसी फिल्में पसंद हैं। बचपन में मैंने परिवार के साथ सिनेमा हाल में देवदास देखी थी। मैं राजी जैसी फिल्म में काम करना चाहती हूं। रणवीर सिंह और विक्की कौशल के साथ भी काम करने की इच्छा है।

सवाल : अगर टाइम मशीन में जाने का मौका मिले तो कहां जाना चाहेंगी?
जवाब : मैं वर्ष 2022-23 में वापस जाना चाहूंगी, जब मैंने अभिनय से ब्रेक लिया था। उस दौरान मुझे खुद के साथ समय बिताने और अपनी जिंदगी को समझने का मौका मिला। जिंदगी बहुत खूबसूरत है। इसे खुलकर जीना चाहिए और हर अनुभव से सीखना चाहिए।