हरियाणा दीपक हत्याकांड: प्रिंस सहित तीन आरोपित तीन दिन के पुलिस रिमांड पर, बहन के बारे में अपशब्द कहने पर हुई हत्या
हांसी के गांव धर्मखेड़ी में दीपक हत्याकांड के तीन आरोपितों प्रिंस, जितेंद्र हुड्डा और. आर्यन को अदालत ने तीन दिन ...और पढ़ें

हरियाणा दीपक हत्याकांड: प्रिंस सहित तीन आरोपित तीन दिन के पुलिस रिमांड पर (जागरण फोटो)
HighLights
दीपक हत्याकांड में तीन आरोपितों को तीन दिन का रिमांड मिला।
प्रिंस, जितेंद्र और आर्यन अंबाला क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए।
बहन के बारे में अपशब्द कहने पर दीपक की हत्या हुई।
जागरण संवाददाता, हांसी। गांव धर्मखेड़ी के दीपक हत्याकांड में गिरफ्तार रोहतक जिले के गांव अजायब निवासी प्रिंस, जितेंद्र हुड्डा और आर्यन को अदालत ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। सीआइए-2 हांसी ने वारदात के 24 घंटे के अंदर तीनों को अंबाला क्षेत्र से काबू किया था। अब थाना बास पुलिस आरोपितों से हत्या के घटनाक्रम, वारदात में इस्तेमाल सामान और अन्य साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस की अब तक की पूछताछ में सामने आया है कि दीपक और प्रिंस दोस्त थे। दीपक द्वारा प्रिंस की बहन के बारे में अपशब्द कहे जाने से वह नाराज था। पुलिस के अनुसार इसी विवाद के चलते प्रिंस ने जितेंद्र और आर्यन के साथ मिलकर दीपक की हत्या कर दी। पुलिस अब तीनों आरोपितों की वारदात में अलग-अलग भूमिका की पुष्टि करने के साथ हत्या से पहले और बाद की गतिविधियों की कड़ी जोड़ रही है।
थाना बास में तैनात उपनिरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है। वारदात से जुड़े सभी पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के साथ जरूरी बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे।
पानी लगाने गया था दीपक, अगली सुबह छत पर मिला शव
दीपक के पिता होशियार सिंह ने पुलिस को बताया था कि उनका छोटा बेटा खेती-बाड़ी करता था। 22 सितंबर की शाम वह खेत में पानी लगाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगली सुबह ग्रामीणों से सूचना मिलने पर स्वजन खेत में पहुंचे।
वहां खेत में बने कमरे की छत पर दीपक मृत मिला। सूचना पर थाना बास पुलिस, सीन आफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए थे। पिता के बयान पर हत्या का मामला दर्ज करने के बाद जांच सीआइए-2 को सौंपी गई थी। पुलिस ने तीनों आरोपितों को अंबाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया था।
