खाप महापंचायत का निर्णय : हिंदू मैरिज एक्ट में संशोधन कर शादी के लिए माता पिता की सहमति जरूरी की जाए
भिवानी में खापों की महापंचायत में हिंदू मैरिज एक्ट में संशोधन कर शादी के लिए माता पिता की सहमति अनिवार्य का प्रस्ताव किया गया। इसके अलावा समाज को बुराइयों और कुरीतियों से बचाने के लिए भी प्रस्ताव किए गए। किसान नेता राकेश टिकैत भी पहुंचे।
जागरण संवाददाता, भिवानी : उत्तर भारत की खापों की महापंचायत में हिंदू मैरिज एक्ट में संशोधन कर शादी के लिए माता पिता की सहमति अनिवार्य का प्रस्ताव किया गया। इसके अलावा समाज को बुराइयों और कुरीतियों से बचाने के लिए भी प्रस्ताव किए गए। महापंचायत में किसानों की लंबित मांगों को लेकर लड़ाई और तेज करने का आह्वान किया गया। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि दिल्ली के लिए कभी भी काल हो सकती है। हम देश भर में जा रहे हैं और इसके लिए अभियान तेज किया गया है। इस बार काल नई संसद के लिए होगी। उन्होंने कहा कि काल के लिए तैयार रहें।
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा देश की आर्थिक आजादी की लड़ाई है। किसान इस लड़ाई को लड़ेगा। संयुक्त मोर्चे पर देश की जनता ने विश्वास किया है। युवाओं ने इसे हाथों हाथ लिया है। देश के जवानों ने बड़े हाउसों का मुकाबला किया है। देश की संस्थाओं पर कब्जा हो चुका है। किसानों की आजादी की लड़ाई है। आर्थिक गुलामी से आजादी दिलानी है। देश में बड़े लुटेरे घुस चुके हैं। दिल्ली सावधान रहे। अबकी बार लालकिला नहीं, जो संसद बनाई जा रही है उस पर आएंगे। कभी भी दिल्ली की काल हो सकती है।
काल पक्की होगी। पूरे देश में हम जा रहे हैं। बिहार में चार दिन रहेंगे। राजस्थान और पूरे देश में जाएंगे। सरकार ने गलत निर्णय लिया तो देश का जवान, किसान मजदूर, आदिवासी आदि सबसे पूछ कर करे। नहीं तो हम वहीं हैं आंदोलन चलाना जानते हैं। सामाजिक आंदोलन भी सामाजिक कुरीतियों पर भी हमने काम करना होगा।
महापंचायत की अध्यक्षता कर रहे दादरी के विधायक सोमवीर सांगवान ने कहा कि आज से कसम खा लें कोई जाति पाति नहीं हम सब एक हैं। हम सभी महापुरुषों की जयंती मनाएंगे। महापुरुषों ने समाज की भलाई के लिए हमेशा काम किया वह सब हमारी प्रेरणा हैं। महापंचायत में अनेक वक्ताओं ने आपसी सौहार्द की बात कही और एकजुट होकर समाज को नेक राह चलने का संदेश दिया। साथ ही यह भी कहा जो गलत करता है उसका भी ध्यान रखा जाए। उसे सबक सिखाया जाए।
महापंचायत में हुए प्रस्ताव
* हिंदू मैरिज एक्ट में संशोधन कर शादी में माता पिता की सहमति अनिवार्य की जाए।
* जाति पाति की राजनीति कर समाज को तोड़ने वालों का समाज बायकाट करेगा।
* समाज में नशा बेचने वालों विशेष कर समैक का कारोबार करने वाले का बहिष्कार किया जाएगा।
* कन्या भ्रूण हत्या करने वालों को हवालात में कराया जाएगा।
* दहेज लेना और देना अपराधन है। इस प्रथा को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ खाप कार्रवाई करेगी।