सिरसा में चारपाई के नीचे जल रहा था भूसा, सोने पर जिंदा जलने से युवक की मौत
रात्रि में व्यक्ति चारपाई पर सोया हुआ था तथा चारपाई के नीचे धान का भूसा जल रहा था। संभावना जताई जा रही है कि नशे में होने के कारण व्यक्ति की मौत हुई है
सिरसा, जेएनएन। सिरसा की अनाज मंडी में गांधी पार्क के समीप शेड के नीचे बीती रात एक व्यक्ति की जलने से मौत हो गई। सुबह चारपाई पर आग लगी देखकर आसपास के लोगों ने दमकल विभाग व पुलिस को सूचना दी। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंच कर आग बुझाई। शहर थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। शव को नागरिक अस्पताल ले जाया गया है। प्रथम दृष्टि में लगता है कि रात्रि में व्यक्ति चारपाई पर सोया हुआ था तथा चारपाई के नीचे धान का भूसा जल रहा था। संभावना जताई जा रही है कि नशे में होने के कारण व्यक्ति की मौत हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार मृतक का शव बुरी तरह जल गया है। शरीर के कुछ ही हिस्से बचे हैं बाकी शव जल चुका है। ऐसे में मृतक की पहचान हो पाना संभव नहीं है। शव की शिनाख्त के लिए शव को सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है। वहीं परिजनों के बयान के अाधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं बुरी तरह जले शव को देखकर मंडी में हड़कंप मच गया। लोगों ने कहा कि आग के उपर सोने पर भी कोई व्यक्ति नहीं उठ पाया तो जाहिर तौर पर बहुत नशे में था, अगर ऐसा नहीं है तो यह मामला हत्या से भी जुड़ा हो सकता है। वहीं पुलिस मामले की सभी एंगल पर जांच कर रही है।