बारिश से मकान की छत गिरी, बरामदे में सो रहा परिवार दबा, बच्ची की मौत Hisar news
बरामदे में सोये पूरे परिवार के सात लोग नीचे दब गए। इसमें एक बच्ची की मौत हो गई वही अन्य परिजन भी गंभीर रूप से घायल हो गये।
हिसार/फतेहाबाद, जेएनएन। बीते तीन दिनों से हो रही बारिश से गर्मी भी कम हो गई है तो किसानों ने बारिश होने से राहत की सांस ली है। मगर यही बारिश कुछ लोगों के लिए आफत भी लेकर आई है। फ़तेहाबाद के भट्टू गांव में सुबह एक मकान के बरामदे की छत गिर गई। जिससे बरामदे में सोये पूरे परिवार के सात लोग नीचे दब गए। इसमें एक बच्ची की मौत हो गई, वही अन्य परिजन भी गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
छत गिरने के बाद जैसे ही चीख पुकार हुई तो पड़ोसियों ने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए। छत गिरने से बच्ची की मौत होने के कारण गांव में मातम पसरा है। वहीं जिन घरों की छतें हल्की कमजोर हैं उन घरों के मालिक भी चिंतित हो गए हैं। अभी प्री मानसून की बारिश है और मानसून आने पर क्या हाल होगा यही सोचकर लोग डरे जा रहे हैं। वहीं बारिश से शहरों में जलभराव की स्थिति भी बहुत ज्यादा हो गई है।
जानकारी के मुताबिक घटना में सात वर्षीय मोहिनी की मौत हो गयी। जबकि 32 साल की नीतू, 20 की मंजू, 7 साल की आरती,8 साल की आईना, 60 साल की मेसर देवी और 10 साल का अजय घायल हुआ है। बच्ची की मौत होने के कारण परिवार का रो रो कर बुरा हाल है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप