हत्या कर नहर में फेंके युवक-युवती के शव, अर्धनग्न हालत में रोहतक पुलिस ने निकाले बाहर
जेएलएन नहर में पहले युवती का शव आया है। आधा घंटे बाद पानी में युवक का भी शव मिला। प्राथमिक जांच में शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। युवक के हाथ पर इंग्लिश में एमके शब्द गुदा हुआ है
राेहतक, जेएनएन। रोहतक में जेएलएन नहर में शुक्रवार को भी युवक और युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने युवती का शव अर्धनग्न हालत में बरामद किया है। जिस तरीके से दोनों के शव मिले हैं कि उससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों की हत्या कर शव नहर में फेंके गए हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दो दिन पहले भी दो युवकों के शव बहकर आए थे।
दोपहर के समय कुछ राहगीर जेएलएन नहर की पटरी से गुजर रहे थे। तभी उन्होंने एक युवती का शव नहर में पड़ा देखा। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची शव को बाहर निकाला। युवती की उम्र करीब 20 साल थी। जिसके शरीर पर केवल अंडरगारमेंट्स थे। इसके अलावा कोई कपड़ा नहीं था। शव देखकर लग रहा था कि उसकी कई दिन पहले हत्या हुई है। पुलिस उसके शव को बाहर निकाल ही रही थी कि तभी पीछे से एक युवक का शव भी बहकर आ गया। लगातार दो शव मिलने से पुलिस भी हरकत में आ गई।
पुलिस ने उस शव को भी पानी से बाहर निकाला। मृतक की उम्र करीब 40 साल थी। जिसने सफेद रंग की टीशर्ट और पेंट पहन रखी थी। उसके दाहिने हाथ पर एमके गुदा हुआ था। पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकालकर उनकी शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। उनके पास से भी ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला जिसके आधार पर उनकी पहचान हो सके। प्राथमिक जांच में उनके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। हालांकि उनकी मौत की वजह क्या है इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा।
बुधवार को भी मिले थे दो युवकों के शव
जेएलएन नहर में बुधवार को भी दो युवकों के शव मिले थे। एक युवक का शव नग्न हालत में था, जबकि दूसरे के शरीर पर कपड़े थे। इसके अलावा दूसरे मृतक के हाथ में घड़ी भी बंधी हुई थी। अभी तक उनकी मौत की वजह भी पता नहीं चल सकी है और ना ही उनकी पहचान हो सकी। इससे पहले भी नहर में काफी शव बहकर आ चुके हैं।
-----युवक-युवती के शव बहकर आए हैं। जिनकी अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही उनकी मौत की वजह का पता चलेगा।
- इंस्पेक्टर शमशेर सिंह, थाना प्रभारी अर्बन एस्टेट