रोहतक में मिले खून से लथपथ शव की नहीं हुई पहचान, पुलिस का मानना हादसे में हुई मौत
शनिवार देर रात कच्चा बेरी रोड पर खून से लथपथ एक व्यक्ति का शव मिला था। मृतक व्यक्ति की उम्र करीब 48 साल के आसपास थी। मृतक के पास से ऐसा कोई भी साक्ष्य नहीं मिला था कि जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त की जा सके।
हिसार/रोहतक, जेएनएन। रोहतक के कच्चा बेरी रोड पर खून से लथपथ मिले अधेड़ के शव की दो दिन बाद भी पहचान नहीं हो सकी है। फिलहाल सिटी थाना पुलिस ने उसे सड़क हादसे का शिकार बताते हुए अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही उसकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
दरअसल, शनिवार देर रात कच्चा बेरी रोड पर खून से लथपथ एक व्यक्ति का शव मिला था। मृतक व्यक्ति की उम्र करीब 48 साल के आसपास थी। मृतक के पास से ऐसा कोई भी साक्ष्य नहीं मिला था कि जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त की जा सके। इसके बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए पीजीआइएमएस में भिजवा दिया था। खून से लथपथ मिले अधेड़ के शव को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कोई इसे हत्या बता रहा है तो कोई इसे सड़क हादसा बता रहा है। मृतक की शिनाख्त के बाद मौत का राज खुलने की संभावना है। पुलिस भी अभी इसे हादसे मेें मौत मानकर ही चल रही है।
शिवाजी कालोनी के व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज किया केस
दो दिन तक भी पहचान नहीं होने पर अब पुलिस ने शिवाजी कालोनी के रहने वाले प्रतीक की शिकायत पर सड़क हादसे में मौत का मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत में प्रतीक ने बताया कि वह अपने दोस्त कुनाल के साथ स्कूटी पर जा रहा था। तभी उसे खून से लथपथ व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया। तब उसने पुलिस को सूचना दी थी।
पुलिस बोली- हत्या का मामला नहीं, हादसे में हुई मौत
उधर, सिटी थाना प्रभारी राकेश सैनी का कहना है कि हत्या का कोई मामला नहीं है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने के कारण उसकी मौत हुई है। जिसके बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल उसकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है।