बारिश से 9 डिग्री सेल्सियस लुढ़का दिन का तापमान, 20.7 डिग्री पर पहुंचा, अभी और बढ़ेगी ठंड
कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में 20 नवंबर तक मौसम खुश्क रहने की संभावना है। इसके साथ ही उत्तर पश्चिमी हवा चलने से रात्रि तापमान में गिरावट व सुबह के समय कहीं-कहीं हल्की धुंध रहने की संभावना है।
हिसार, जेएनएन। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता ने एक तरफ तो प्रदूषण को कम करने का काम किया है, साथ ही सर्दी को भी बढ़ा दिया है। बारिश के बाद सोमवार को दिन का तापमान सामान्य से नौ डिग्री कम होकर 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात्रि का तापमान एक डिग्री कम होकर 15 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है। तापमान कम होने और दिनभर बादल छाने से दिन के समय में भी लोगों को सर्दी का अहसास हुआ। बारिश के बाद सुबह धुंध होने के आसार बढ़ गए हैं। मंगलवार सुबह भी ठंड रही तो वहीं फिर धूप निकल आई। ओलावृष्टि से किसानों को नुकसान हुआ है। सरसों की फसल कई जगहों पर नष्ट हो गई है।
अब उत्तर पश्चिमी हवा गिराएंगी तापमान
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में 20 नवंबर तक मौसम खुश्क रहने की संभावना है। इसके साथ ही उत्तर पश्चिमी हवा चलने से रात्रि तापमान में गिरावट व सुबह के समय कहीं-कहीं हल्की धुंध रहने की संभावना है।
---364 से 214 पर आया एक्यूआइ
हिसार की हवा में प्रदूषण की कमी सोमवार को देखी गई है। दीपावली के बाद जहां 364 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर एयर क्वालिटी इंडेक्स दर्ज किया गया था, जो बारिश के बाद घटकर 214 पर आ गया। 200 से अधिक एक्यआइ रहने पर वायु प्रदूषण की खराब स्थिति को दर्शाता है। हालांकि पिछले कुछ दिनों में देखे गए प्रदूषण से यह आंकड़ा काफी कम है। सितंबर के बाद से अब 214 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर एक्यूआइ हुआ है।