loksabha election 2019: मां किरण से धनवान बेटी श्रुति, 11 किलो सोने की हैं मालकिन
वहीं इसके उलट विधायक नैना चौटाला 2014 के विधानसभा चुनाव के दौरान दिए गए संपत्ति विवरण के अनुसार अपनी बहू मेघना (दुष्यंत चौटाला की पत्नी) से बहुत अधिक धनवान हैं।
जेएनएन, हिसार। पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल के परिवार से भिवानी संसदीय क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरीं उनकी पौत्री श्रुति चौधरी की संपत्ति मां किरण चौधरी से कहीं अधिक है। श्रुति की कुल संपत्ति 73.69 करोड़ रुपये है। वहीं उनकी मां किरण चौधरी के पास 46.43 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति है। श्रुति के पास करीब 5.07 करोड़ रुपये का 10.950 किलो सोना और 26 लाख की 75 किलो चांदी है। वहीं, किरण चौधरी के पास 3.59 करोड़ रुपये का सोना और 57 लाख की चांदी है। श्रुति के पास 2011 मॉडल की बीएमडब्ल्यू कार है तो किरण के पास कोई कार नहीं है। श्रुति की कुल चल संपत्ति 16.93 करोड़ और अचल संपत्ति 56.76 करोड़ है। किरण चौधरी की चल संपत्ति 1.89 करोड़ और अचल संपत्ति 33.54 करोड़ है।
बहू मेघना से धनवान हैैं नैना चौटाला
चौटाला परिवार की बात करें तो अजय चौटाला की पत्नी और डबवाली से विधायक नैना चौटाला 2014 के विधानसभा चुनाव के दौरान दिए गए संपत्ति विवरण के अनुसार अपनी बहू मेघना (दुष्यंत चौटाला की पत्नी) से बहुत अधिक धनवान हैं। नैना चौटाला की कुल संपत्ति जहां 60.26 करोड़ रुपये है वहीं मेघना की चल-अचल संपत्ति 2.44 करोड़ रुपये है। नैना चौटाला के पास नौ किलो चांदी, 850 ग्राम सोना और 11.50 लाख के हीरे हैं। मेघना के पास 3.100 किलो सोना है। नैना चौटाला के नाम 2.83 करोड़ लोन था तो मेघना के नाम पर एक रुपये भी कर्ज नहीं है।