पहरावर गांव में परशुराम जयंती कार्यक्रम में जुटी भीड़, जयहिंद के अलावा भाजपा सांसद, विधायक गौतम भी पहुंचे
गौड़ ब्राह्मण शिक्षण संस्था को दी गई जमीन को लेकर लड़ाई लड़ रहे नवीन जयहिंद के आह्वान पर रविवार को परशुराम जयंती में भीड़ उमड़ पड़ी। इस कार्यक्रम को लेकर नवीन जयहिंद ने जहां पूरी ताकत झोंक दी वहीं शासन-प्रशासन भी अलर्ट है।
जागरण संवाददाता, रोहतक : पहरावर गांव में गौड़ ब्राह्मण शिक्षण संस्था को दी गई जमीन को लेकर लड़ाई लड़ रहे नवीन जयहिंद के आह्वान पर रविवार को परशुराम जयंती में भीड़ उमड़ पड़ी। इस कार्यक्रम को लेकर नवीन जयहिंद ने जहां पूरी ताकत झोंक दी, वहीं, शासन-प्रशासन भी अलर्ट है। चूंकि नवीन जयहिंद ने कार्यक्रम में एक ईंट और एक फरसा लेकर पहुंचने का नारा लोगों काे दिया है।
कार्यक्रम में रोहतक भाजपा सांसद अरविंद शर्मा और नारनौंद से जजपा विधायक रामकुमार गौतम भी पहुंचे हैं। विधायक राम कुमार गौतम ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर जमकर कटाक्ष किए। उन्होंने कहा पंजाब में भगवंत मान का चेहरा दिखाकर सरकार बनाने में कामयाब हो गए। हरियाणा में उनका कुछ नहीं होने वाला। कश्मीरी पंडितों के अत्याचार पर कश्मीर फाइल्स पर अरविंद केजरीवाल के बयान की निंदा भी की और कहा जिस तरह के अत्याचार कश्मीरी पंडितों के साथ हुआ अगर वह अरविंद केजरीवाल के परिवार के साथ होता तो क्या इस तरह मजाक उड़ाते।
बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने कहा ब्राह्मण समुदाय का नुकसान करने वाली किसी भी पार्टी को राज नहीं करने देंगे। चाहे भाजपा हो कांग्रेस की सरकार हो या अन्य दल। उन्होंने कहा कि मैं किसी पार्टी से नहीं बल्कि समाज के कोटे से टिकट लेकर आया था। समाज के लिए कोई भी कुर्बानी देने के लिए तैयार हूं।
विधायक राम कुमार गौतम ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के फरसा मामले की घटना का भी जिक्र किया और कहा कि ब्राह्मण समाज के लोगों को सरकार में जगह नहीं देने का खामियाजा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। जयहिन्द ने कहा कि यह भगवान परशुराम जयंती उसी 16 एकड़ जमीन पर मनाई जा रही है। जिस पर सरकार व निगम ने अवैध कब्जा कर रखा है, इसमें चार से पांच एकड़ में भक्तों के बैठने के लिए और बाकी सभी जमीन पे पार्किंग का विशेष प्रबंध कर रखा है। जयहिन्द ने बेरोजगारी को 37वीं बिरादरी बताते हुए कहा कि इसमें सभी 36 बिरादरियों को न्योता है। नवीन जयहिंद ने बताया कि परशुराम जयंती में गो माता के सम्मान में गो माता के लिए अलग से एक स्टेज की व्यवस्था की है। जिस पर सिर्फ गो माता ही विराजमान हैं।
दान में दी गई जमीन वापस नहीं होगी : रमेश हरियाणा
हरियाणा जागृति मंच के अध्यक्ष पंडित रमेश हरियाणा ने बताया कि पहरावर की जमीन को लेकर उन्होंने भी काफी समय पहले मुद्दा उठाया था। लेकिन अब इस जमीन से कब्जा छुड़वाने का सही समय आ गया है। वह खुद 36 बिरादगी के लोगों को पहरावर में परशुराम जयंती समारोह में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि खुली जीप में फरसा के साथ पहरावर जाएंगे।
बीडीपीओ राजपाल चहल को नियुक्त किया ड्यूटी मजिस्ट्रेट
पहरावर गांव में रविवार को परशुराम जयंती पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। आदेशों किे अनुसार, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया है। जिनके साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहेगा। इसमें महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है। बता दें, कि पहरावर गांव में जमीन को लेकर पिछले कुछ माह से विवाद चल रहा है।