पाइप लाइन ठीक करने के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरी गाय
संवाद सहयोगी, हांसी : स्थानीय दिल्ली गेट के निकट एक गली में टूटी हुई पेयजल पाइप लाइन को ठीक करने के
संवाद सहयोगी, हांसी : स्थानीय दिल्ली गेट के निकट एक गली में टूटी हुई पेयजल पाइप लाइन को ठीक करने के लिए खोदे गए गड्ढे में मंगलवार सुबह गाय गिर गई। आसपास के लोगों ने गाय को गड्ढे में कराहते हुए देख इसकी सूचना जलापूर्ति विभाग के कर्मचारियों को दे दी। बाद में क्षेत्र के लोगों ने एकत्रित होकर कर्मियों के साथ तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गाय को रस्सियों से बांध कर बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 9 की गली नंबर 9 में पेयजल की पाइप लाइन टूटी हुई थी और शिकायत करने के बाद जलापूर्ति विभाग के कर्मचारियों ने पाइप लाइन को ठीक करने के लिए सोमवार को गड्ढा खोद दिया लेकिन शाम तक पाइप लाइन ठीक न होने के कारण कर्मचारी गड्ढे को छोड़कर चले गए। मंगलवार सुबह गली के बीचोंबीच खोदे गए गड्ढे में गाय जा गिरी। आसपास के लोगों ने जब गाय को गड्ढे में फंसे हुए देखा तो तुरंत विभाग कार्यालय में सूचना दी और अपने स्तर पर गाय को निकालने के प्रयास शुरू कर दिए। बाद में कर्मचारियों के पहुंचने पर लोगों ने रस्सियों से बांध कर तीन घंटे की मशक्कत के बाद गाय को गड्ढे से सकुशल बाहर निकालने में सफलता हासिल की।