चचेरे भाई की हैवानियत की शिकार हुई किशोरी, गर्भवती हुई तो खुला राज
रोहतक में 14 वर्षीय किशोरी पेट दर्द की शिकायत लेकर सिविल अस्पताल पहुंची थी। इस दौरान चिकित्सकों ने किशोरी का परीक्षण किया तो उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
रोहतक, जेएनएन। कोई पराया इंसान बेटियों को बुरी नजर से देखे तो हम एक पल में भांप जाते हैं। मगर जब कोई अपना ही बेटियों की आबरू से खेलने को हैवानियत पर उतर आए तो कोई क्या करे। कभी खुद पिता तो कभी परिवार के ही लोगों द्वारा ऐसा करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला रोहतक जिले का है।
जहां एक गांव की एक किशोरी अपने ही चचेरे भाई की हैवानियत का शिकार हो गई। पीडि़त किशोरी के पेट में दर्द होने पर परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां पर जांच के दौरान किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। मगर जब किशोरी ने पूरी बात बताई तो परिजनों के पांवों तले की जमीन खिसक गई। परिजन सकते में आ गए। किशोरी से दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद मौके पर पहुंची महिला थाना पुलिस पहुंची।
पुलिस के अनुसार एक गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी पेट दर्द की शिकायत लेकर सिविल अस्पताल पहुंची थी। इस दौरान चिकित्सकों ने किशोरी का परीक्षण किया तो उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद चिकित्सकों ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। मौके पर पहुंची महिला थाना समेत अन्य पुलिस ने किशोरी से पूछताछ की। किशोरी ने पूछताछ के दौरान बताया कि करीब पांच माह पहले उसके चचेरे भाई ने उसके साथ दुष्कर्म किया था, साथ ही परिजनों को न बताने की धमकी दी थी।
पीडि़त किशोरी ने पुलिस को बताया कि जिसके बाद उसने परिजनों से कोई बात नहीं बताई थी। चिकित्सकों के मुताबिक किशोरी करीब पांच माह की गर्भवती है। किशोरी की सिविल अस्पताल स्थित सुकून केंद्र में काउंसिलिंग की जा रही है। सिविल सर्जन डा. अनिल बिरला ने बताया कि किशोरी की जांच के दौरान उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। जिसके बाद चिकित्सकों ने सूचना दी थी। किशोरी का पूरा मेडिकल चेकअप कराया गया है। इसके बाद पुलिस को सूचना दे दी थी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।