Move to Jagran APP

Cotton in Sirsa: सिरसा में सोने सा चमका काटन का भाव, एक हजार क्विंटल की आवक दर्ज

सिरसा की डबवाली अनाज मंडी में काटन के भाव की तेज चमक से किसान खुशहाल नजर आ रहा है। लगातार तीसरे दिन सोमवार को काटन सर्वाधिक 7070 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। आवक के मामले में सारे रिकार्ड ध्वस्त हो गए।

By Rajesh KumarEdited By: Published: Tue, 21 Sep 2021 10:49 AM (IST)Updated: Tue, 21 Sep 2021 10:49 AM (IST)
Cotton in Sirsa: सिरसा में सोने सा चमका काटन का भाव, एक हजार क्विंटल की आवक दर्ज
सिरसा में डबवाली की अनाज मंडी में आई कपास।

संवाद सहयोगी, डबवाली (सिरसा)। डबवाली अनाज मंडी सफेद सोने से भर गई है। भाव की तेज चमक से किसान खुशहाल नजर आ रहा है। लगातार तीसरे दिन सोमवार को काटन सर्वाधिक 7070 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। आवक के मामले में सारे रिकार्ड ध्वस्त हो गए। एक दिन में करीब एक हजार क्विंटल काटन अनाज मंडी के ब्लाक ए तथा बी में पहुंची। हालांकि मजदूरों के विवाद के कारण बोली करीब दो घंटे देरी से शुरु हुई। बोली दोपहर 12 बजे शुरु होनी थी।

prime article banner

मजदूरों की हड़ताल

हरियाणा मंडी मजदूर यूनियन के बैनर तले मजदूरों ने हड़ताल कर दी। प्रधान सोमप्रकाश, दाना राम, बहादर, किशोरी लाल, जगदीश आदि ने बताया कि मंडी में ढेरी फसल को बार-बार इधर उधर करना पड़ता है। जबकि मजदूरी एक समय की दी जाती है। मजदूर ये सब स्वीकार नहीं करेंगे। आढ़ती संजय जैन, सुरेंद्र कुमार, पप्पू जैन आदि ने जैसे-तैसे मजदूरों को मनाया। आढ़तियों ने कहा कि एसोसिएशन तथा मजदूरों के बीच वार्ता के बाद जो समझौता होगा, वह मंगलवार से लागू कर दिया जाएगा। करीब दो घंटे तक मशक्कत करने के बाद मजदूर कार्य पर वापिस लौट गए। निर्धारित समय से करीब दो घंटे देरी से बोली शुरु हुई। बता दें, एक सितंबर से फसल मंडी में आनी शुरु हो गई थी। अब तक करीब 3700 क्विंटल काटन खरीदी जा चुकी है। जबकि पिछले वर्ष इस अवधि तक काटन आनी शुरु नहीं हुई थी।

डबवाली अनाज मंडी में विवाद के बीच हरियाणा मंडी मजदूर यूनियन प्रधान सोमप्रकाश और आढ़ती संजय जैन बातचीत करते हुए।

उपमुख्यमंत्री का वायदा पूरा हो रहा

जेजेपी प्रवक्ता रणदीप सिंह मटदादू ने बताया कि डबवाली अनाज मंडी में काटन का मूल्य 7070 रुपये हो गया है। किसान खुशहाल है। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने किसानों से वायदा किया था कि एमएसपी टूटने नहीं दिया जाएगा। वायदे का परिणाम है कि इलाके के काटन उत्पादक किसान को बेहतरीन मूल्य मिल रहा है। जोकि एमएसपी से करीब एक हजार रुपये अधिक है।

गेट पर नजर आए कर्मचारी

फसली सीजन जोर पकड़ रहा है। वहीं अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए एसडीएम राजेश पूनियां निरीक्षण कर रहे है। बीते शुक्रवार को किए औचक निरीक्षण के परिणाम सामने आने लगे है। अनाज मंडी के गेट पर कर्मचारी गेट पास काटने के लिए नजर आने लगे है तो वहीं सीवरेज की सफाई शुरु हो गई है।

विवाद का अंत आढ़तियों से सहमति के बाद होगा

मार्केट कमेटी के मंडी सुपरवाइजर वीर सिंह सोनी ने बताया कि मंडी मजदूरों का मजदूरी संबंधी विवाद था। जो आढ़तियों से सहमति होने के बाद हल हो गया। करीब दो घंटे देरी से बोली शुरु हुई। इस वजह से देर शाम तक रही। आज काटन 6400 से 7070 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.