Corona Virus: सिरसा में पंजाब से लौटी महिला मिली कोरोना संक्रमित, स्वास्थ्य विभाग ने स्वजनों के भी सैंपल लिये
सिरसा में 889 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। जिले में अब तक पांच लाख 10 हजार 158 लोगों के सैंपल जांचे जा चुके है। जिले में अब तक 29271 पाजिटिव केस मिल चुके है। इनमें से 28761 लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं।
जागरण संवाददाता, सिरसा। फेस्टिवल सीजन के दौरान जहां जिले में कोरोना संक्रमण जीरो था वहीं वीरवार को जिले में कोरोना का एक मामला सामने आया है। कोरोना संक्रमित 58 वर्षीय महिला मौजगढ़ की रहने वाली है। बीती 29 सितंबर को पंजाब गई थी, वहां से चार अक्टूबर को वापस लौटी तो उसे बुखार की शिकायत थी। जिसके बाद उसने कुछ समय तक दवाई ली तथा बाद में डेंगू जांच करवाई। इसके बाद महिला की आरटीपीसीआर जांच करवाई गई जिसमें उसके कोराेना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। महिला वर्तमान में अपनी ढाणी में अलग से क्वारेंटाइन है और उसकी स्थिति में निरंत सुधार हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने महिला के स्वजनों के भी सैंपल लिये है।
अब तक 5.10 लाख लोगों की हुई जांच
वीरवार को जिले में 889 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। जिले में अब तक पांच लाख 10 हजार 158 लोगों के सैंपल जांचे जा चुके है। जिले में अब तक 29271 पाजिटिव केस मिल चुके है। इनमें से 28761 लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं। संक्रमण के कारण 509 लोगों की मौत हो चुकी है।
जिले में 10.37 लाख वैक्सीन डोज लगी
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक जिले में 10 लाख 37 हजार एक लोगों को वैक्सीन डोज लग चुकी है। इनमें से सात लाख 75 हजार 830 लोगों को पहली डोज जबकि दो लाख 61 हजार 171 लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। जिले में अब तक 18 वर्ष से अधिक उम्र के चार लाख 43 हजार 908 लोगों को पहली तथा 91500 लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। 45 से 60 आयु वर्ग के एक लाख 80 हजार 934 लोगों को पहली व 76498 लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। जिले में 60 वर्ष से अधिक उम्र के एक लाख 37 हजार 15 लोगों को पहली डोज तथा 80167 लोगों को दोनों डोज लग चुकी है।
सिविल सर्जन डा मनीष बंसल के अनुसार
जिले में वीरवार को कोरोना संक्रमण का एक और मामला सामने आया है। जिले में फिलहाल कोरोना संक्रमण का एक केस है। अगर किसी को बुखार है तो अपनी अपनी जांच अवश्य करवाएं ताकि समय रहते पता चल सके।