पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों के विरोध में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
पेट्रोल और डीजल के बढ़ रही कीमतों के विरोध में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिलेभर में प्रदर्शन किया। कलायत पूंडरी सीवन और राजौंद में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ रोष जताया।
जागरण संवाददाता, कैथल : पेट्रोल और डीजल के बढ़ रही कीमतों के विरोध में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिलेभर में प्रदर्शन किया। कलायत, पूंडरी, सीवन और राजौंद में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ रोष जताया। जिला स्तरीय प्रदर्शन में कांग्रेस के कार्यकर्ता कोयल कांप्लेक्स स्थित सरकारी पेट्रोल पंप पर एकत्रित हुए। इसके बाद सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय में पहुंचे। इस प्रदर्शन की अगुआई कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने की। सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा अब सही मायनों में लूट पार्टी साबित हुई है।
सुरजेवाला ने कहा कि जनता की जेब काटने वाली इस लूट पर लगाम लगाना अब जरूरी हो गया है। डीजल की बेतहाशा बढ़ती कीमतों पर ध्यान आकर्षित करने के लिए सुरजेवाला प्रतीकात्मक तौर से कैथल के पिहोवा चौक से बैल के पीछे ट्रैक्टर बांधकर उसे पेट्रोल पंप तक लेकर आए। सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते पिछले 13 माह में ही पेट्रोल की कीमतों में 26.26 रुपये और डीजल की कीमतों में 24.47 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। जब प्रदेश में कांग्रेस ने 2014 में सरकार छोड़ी तो पेट्रोल पर वैट 21 प्रतिशत था जो अब भाजपा-जजपा सरकार में बढ़कर 30 प्रतिशत हो गया है। डीजल पर वैट 9.24 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 21.40 प्रतिशत हो गया है।
इनसे ही भाजपा सरकार ने पिछले छह साल में हरियाणा की जनता से 50 हजार करोड़ से ज्यादा वसूले हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जब मई 2014 में सत्ता में आई तो पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी केवल 9.20 रुपये प्रति लीटर थी। मोदी सरकार ने इस पर 23.78 रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त एक्साइज ड्यूटी लगा दी, जो 258 प्रतिशत की वृद्धि है। पेट्रोल व डीजल के दामों में लगातार बढ़ोत्तरी से जहां किसान-मजदूर-गरीब पिस रहा है, वहीं महंगाई आसमान को छू रही है और जनता की जेब काटी जा रही है। इस मौके पर सुदीप सुरजेवाला, पूर्व मंत्री रामभज लोधर, सतबीर भाणा, कविराज शर्मा, रामनिवास मित्तल, पवन थरेजा, पूनम चौहान, सुनीता शर्मा, अश्विनी शोरेवाला, सुरेंद्र रांझा, सुरेश रोड, बहादुर सैनी, विक्की शर्मा, सोनू सेठ, पीएल भारद्वाज, महेश गोगिया,सुरजीत बैनीवाल मौजूद रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं पेट्रोल पंप पर किया प्रदर्शन
कलायत : पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ रहे दामों के विरोध में शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश जेपी के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल के भावों पर अंकुश न लगाने के कारण आमजन परेशान है। सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण ही आज गरीब, मजदूर, किसान सड़कों पर प्रदर्शन करने पर मजबूर है। इस मौके पर दिलबाग खरक, बिल्लू पंडित, पवन कुमार, नरेश सहारण, शमशेर मटौर, सतीश चौशाला, मनोज सहारण, मंगत, रमेश,जोगी राम मौजूद रहे।
सीवन : पेट्रोल व डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल पंपों पर पहुंच प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता पवन जगत ने गांव कांगथली में पेट्रोल पंप पर पहुंचकर धरना दिया। पवन जगत ने कहा कि देश की भाजपा सरकार ने लोगों को परेशान करने का काम किया हुआ है। महंगाई को कम करने का नारा देकर सत्ता में आई भाजपा ने जनता को झूठे वायदे और महंगाई के अतिरिक्त कुछ नहीं दिया है। इस मौके पर देवेंद्र शर्मा, मनजीत, यशपाल, बब्बल कुमार, राज कुमार वधवा, नरेश मित्तल, काला पहलवान, दीपक कालड़ा, मेघ राज मौजूद थे।
बढ़ रही कीमतों से हर वर्ग
भाजपा सरकार से परेशान
राजौंद : हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विशाल राणा के नेतृत्व में पेट्रोल डी•ाल व एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर प्रदर्शन किया। पूरा देश आज कांग्रेस के शासन काल को याद कर रहा है। दिन प्रतिदिन बढ़ रही कीमतों से हर वर्ग भाजपा सरकार से परेशान है। इस मौके पर सोशल मीडिया सह प्रभारी अमित, ललित शमर, प्रदीप कुमार, मोहित, रोहित राणा व अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।