डॉ. तंवर बोले- हमें किसी से गठबंधन की जरूरत नहीं, कांग्रेस का गठबंधन जनता के साथ
डा. तंवर ने इनेलो-भाजपा के बीच चल रही गठबंधन की चर्चा पर कहा कि ये दोनों दल तो एक ही हैं। शिरोमणि अकाली दल भी साथ है।
सिरसा, जेएनएन। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा कि सिरसा उनके दिल में बसता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को किसी से गठबंधन की जरूरत नहीं है। कांग्रेस का गठबंधन जनता के साथ है। जनता ने इस बार केंद्र एवं राज्य में सत्तासीन भाजपा सरकारों को वोट की चोट से सबक सिखाने का मन बनाया हुआ है। डा. तंवर ने इनेलो-भाजपा के बीच चल रही गठबंधन की चर्चा पर कहा कि ये दोनों दल तो एक ही हैं। शिरोमणि अकाली दल भी साथ है।
इन दलों के नेताओं ने कभी एक-दूसरे का विरोध नहीं किया। अरविंद शर्मा के भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अरविंद शर्मा कांग्रेस में आना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस में ऐसी विचारधारा के लोगों को नहीं लिया जाता है।
डा. तंवर ने शहर में भादरा बाजार, हिसारिया बाजार में लोगों से मुलाकात की। डा. तंवर ने बाजार में खरीददारी की और समर्थकों के साथ दही भल्लों का भी स्वाद चखा। इसके अलावा डा. तंवर कई समर्थकों के प्रतिष्ठान पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सिरसा की जनता का स्नेह एवं सहयोग हमेशा उन्हें मिलता रहा है। जनता के भरोसे को कायम रखना ही किसी राजनेता की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है।