सीएम ने गिनवाई उपलब्धियां, कहा- भ्रष्टाचार पर चोट, बिना पर्ची नौकरी, बिचौलियों का खात्मा व सैनिकों का बढ़ाया मान
जागरण संवाददाता हिसार मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार पर चोट मारना वर्तमान प्रदेश सरकार
जागरण संवाददाता, हिसार : मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार पर चोट मारना वर्तमान प्रदेश सरकार की साढ़े चार साल की सबसे बड़ी उपलब्धि है। बिना रिश्वत व सिफारिश युवाओं को रोजगार मिलने से वे खुश हैं। माताएं-बहनें भी हर लिहाज से सशक्त हुई हैं। प्रदेश का किसान खुश है कि उनकी फसल का दाना-दाना खरीदा जा रहा है और खेती में जोखिम कम हुआ है। व्यापारी निडर व निर्भीक होकर अपना बिजनेस कर रहा है। अब उन्हें मंथली, चंदे या फिरौती का भय नहीं है। बिचौलिए व दलालों का नेटवर्क खत्म हो गया है। खिलाड़ी खुश हैं कि उनका सम्मान और आजीविका इस सरकार में सुरक्षित हुई है। सरकार ने सैनिकों व पूर्व सैनिकों का सम्मान बढ़ाया है। यह बात मुख्यमंत्री ने पुराना गर्वनमेंट कॉलेज मैदान में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जाति-पाति की बात अब पुरानी हो गई है, आगामी चुनाव में विकास और हरियाणा का गौरव ही मुख्य मुद्दा रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश में केवल दो ही जातियां बताई हैं- गरीब और गरीब का भला करने वाली। उसी सिद्घांत पर चलते हुए हमें गरीबों के उत्थान में लगकर हरियाणा के गौरव को जगाएंगे और देश के विकसित राज्यों से मुकाबला करते हुए उनसे आगे निकलेंगे। 24 घंटे बिजली देना सरकार का मुख्य एजेंडा
अब 24 घंटे बिजली, नई सड़कें और स्वच्छ पानी जनता को उपलब्ध करवाना मुख्य एजेंडा है। प्रदेश का कोई गांव ऐसा नहीं रहा जहां 15 घंटे से कम बिजली आती हो। सैकड़ों गांवों को तो 24 घंटे बिजली मिल रही है। जल्द ही प्रदेश के सभी गांवों को 24 घंटे बिजली देने का स्वप्र पूरा किया जाएगा। इसी प्रकार जिन गांवों में स्वच्छ पेयजल पहुंचने में कमी रह गई है, वहां भी जल्द यह कार्य पूरा हो जाएगा। पिछले साढ़े चार साल में जितनी सड़कों की डिमांड आईं, उन सभी सड़कों को बनवा दिया गया है। उन्होंने भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि उनके क्षेत्र में कहीं सड़क की कमी है तो उसकी सूची दें ताकि इन्हें विस चुनाव से पहले पूरा करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अगले 5 साल के लिए जनता की सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा के एजेंडे पर कार्य करना शुरू कर दिया है।
यह चौधरियों की नहीं, चौकीदारों की सरकार : कैप्टन अभिमन्यु
हरियाणा के वित्त एवं राजस्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि हरियाणा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भिन्न-भिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में चौधर लाने की बात कहकर मतदाताओं को बहकाने की कोशिश की, परन्तु मतदाताओं ने उन्हें नकार दिया। यह चौधरियों की नहीं, चौकीदारों की सरकार है जो देश की रक्षा करने में सक्षम है।
उन्होंने कहा कि आने वाले 140 दिन हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। हमें जनता के बीच यह संदेश लेकर जाना है कि भारतीय जनता पार्टी जात-पात, क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर जनकल्याण की नीति पर काम करने वाली पार्टी है। प्रदेश के 2.6 करोड़ लोगों तक यह संदेश भी पंहुचना है कि राजनीति में अब जात-पात, वंशवाद व क्षेत्रवाद का कोई स्थान नहीं है। जनता ने राजपरिवारों व राजवंशों व वंशतंत्र को नकार कर लोकतंत्र को मजबूत किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नारा दिया कि दिल्ली हुई हमारी है, अब चंडीगढ़ की बारी है। लोकसभा सेमिफाइनल था अब अक्टूबर में होगा फाइनल : धनखड़
कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत देकर देशवासियों ने देश की कमान अगले 5 साल के लिए सुरक्षित हाथों में सौंप दी है। जिन राजनीतिक दलों ने स्वार्थ के आधार पर राजनीतिक रियासतें खड़ी की थी, वे इस चुनाव में धराशायी होती हुई नजर आई। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव हरियाणा विधानसभा चुनाव का सेमिफाइनल था। अक्तूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के फाइनल मुकाबले में भी पन्ना प्रमुखों व कार्यकत्र्ताओं ने एकसाथ एकजुटता से काम करना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान व आभार के इस महान कार्यक्रम का हिस्सा बनकर आज मैं बहुत गौरवांवित महसूस कर रहा हूं।