ओमिक्रोन के साये में हरियाणा में मनाया जा रहा क्रिसमस. बिना मास्क चर्च में नो एंट्री
क्रिसमस का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। चर्च को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्राेन से बचाव के लिए चर्च में बिना मास्क पहने प्रवेश नहीं करने दिया गया।
जागरण संवाददाता, रोहतक। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के डर के साये में इस बार लोगों में क्रिसमस का उल्लास छा रहा है। हालांकि इस बार भी चर्च में लोगों की संख्या मामूली रूप से कम देखी जा रही है। लेकिन काफी संख्या में लाेग श्रद्धा भाव से चर्च में पहुंच रहे हैं। प्रेम, आनंद और शांति की शिक्षा देने वाले प्रभु यीशु मसीह को याद करते हुए शनिवार को चर्च में प्रार्थनाएं की गई। आंबेडकर चौक स्थित आल सेंट्स चर्च में क्रिसमस के मौके पर मेले का आयोजन भी किया गया। जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
बिना मास्क के चर्च में नो एंट्री
हालांकि कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्राेन से बचाव के लिए चर्च में बिना मास्क पहने प्रवेश नहीं करने दिया गया। चर्च परिसर में क्रिसमस मेला सुबह दस बजे शुरू हो गया। जिसके न केवल शहर बल्कि आसपास के गांवों व दूसरे जिलों से भी श्रद्धालु पहुंचे हुए हैं। चर्च को रंगबिरंगी लाइटों से सजाया गया। चर्च परिसर में प्रभु यीशु की प्रतिमाएं लगाई गई। चर्च परिसर में झूले लगाए गए और फूड स्टाल भी लगाई है। चर्च के बाहर फुटकर दुकानें भी लगी हैं।
हर्षोल्लास के साथ मनाया गया त्योहार
आल सेंट्स चर्च के फादर वरुण एल्फ्रेंड ने बताया कि क्रिसमस का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। प्रभु यीशु के जन्मोत्सव को लेकर शुक्रवार रात 12 बजे ही लोगों में जश्न का माहौल देखने को मिला। आधी रात को प्रभु यीशु के जन्म की खुशी में जगह-जगह शनिवार को शहर के अलग अलग स्थानों पर स्थित गिरजाघरों (चर्च) में क्रिसमस के गीत भी गाए गए। शनिवार सुबह से ही क्रिसमस की खुशी ईसाई समुदाय के लोगों में देखने को मिल रही है। लोग एक दूसरे को बधाइयां दे रहे हैं और कोरोना के दौरान भी इस खुशी को आपस में बांट रहे हैं। साथ ही एक दूसरे को मास्क पहनने के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रान के बढ़ते संक्रमण के डर के साए में क्रिसमस का त्योहार मनाया जा रहा है। इस बार कोरोना के चलते क्रिसमस के मौके पर प्रभु यीशु के जन्म को लेकर लोग कोविड से बचाव की गाइडलाइन का पालन करते हुए चर्च में पहुंच रहे हैं। लोगों के उत्साह और उल्लास में कोई कमी नजर नहीं आ रही है।
रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया
उधर, सुभाष नगर स्थित चर्च के फादर सुनील ने बताया कि प्रभु यीशु के जन्म के उपलक्ष्य में प्रार्थना सभा, गिफ्ट वितरण, कैंडल लाइटिंग जैसे आयोजन हो रहे हैं। वहीं चर्च में पहुंचे अनेक लोग एक दूसरे को बधाइयां देते दिखे हैं। क्रिसमस को लेकर शहर के सभी चर्च को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया। जहां पर प्रार्थनाएं की जा रही हैं। क्रिसमस को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर शहर के आल सेंट्स चर्च, सुभाष नगर स्थित सर्च व इंदिरा कालोनी सहित सभी चर्च में पुलिस के जवानों की ड्यूटियां लगाई हुई है।