बारिश में धुले नलवा हलका बीजेपी नेताओं के अरमान, अब रैली के लिए एक माह करना होगा इंतजार
नलवा हलके के टिकट के दावेदारों के अरमानों पर भी पानी फिर गया। शनिवार को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक हिसार में कई कार्यक्रम थे।
जेएनएन, हिसार : जिले में हुई तेज बारिश के कारण मुख्यमंत्री की नलवा प्रगति रैली स्थगित हो गई। खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री हिसार नहीं आ पाए। इससे नलवा हलके के टिकट के दावेदारों के अरमानों पर भी पानी फिर गया। शनिवार को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक हिसार में कई कार्यक्रम थे। मुख्यमंत्री नलवा रैली में करीब 300 करोड़ की 49 घोषणाएं करने वाले थे। बारिश के कारण गांव कैमरी के राजकीय स्कूल के मैदान में (जहां सीएम की रैली होनी थी) पानी भर गया। वहीं तेज हवाओं के कारण टेंट उखड़कर नीचे गिर गया। इसके अलावा शहर की हर सड़क पर लगे भाजपा नेताओं के होर्डिंग्स भी नीचे गिर गए।
मुख्यमंत्री की रैली नहीं होने से पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखेते हुए अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने विरोध का एलान किया था। रात से ही गुप्तचर एजेंसियां जाट नेताओं पर नजर रख रही थीं। मगर जब सुबह खराब मौसम के कारण सीएम का दौरा रद हुआ तो सभी ने राहत की सांस ली। मुख्यमंत्री की रैली के लिए स्थानीय भाजपा नेता कई दिनों से जोर-शोर से प्रचार-प्रसार में लगे हुए थे। लाखों रुपये रैली के आयोजन पर खर्च किए गए थे।
वित्तमंत्री ने की मुख्यमंत्री से बात
सुबह मौसम खराब होने के बाद वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने मुख्यमंत्री से फोन पर बात की। इसके बाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के न आने की सूचना मिली। इसके बाद वित्तमंत्री ने विधायक और जिला अध्यक्ष को फोन पर सूचित किया। सुबह 10 बजे सभी कार्यकर्ताओं को फोन कर सूचित कर दिया गया कि मुख्यमंत्री आज हिसार नहीं आ रहे। अगले माह होगी रैली
वहीं नलवा रैली स्थगित होने के बाद जिले के नेता जल्द ही एक बैठक बुलाएंगे। इसके बाद नए तारीख निकालकर मुख्यमंत्री से संपर्क किया जाएगा। उम्मीद है कि अगले माह नलवा रैली होगी। इसका एलान एक सप्ताह में हो जाएगा। - खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री की नलवा रैली स्थगित हो गई, साथ ही हिसार में कई कार्यक्रम भी नहीं हो सके। रैली चाहे स्थगति हो गई हो, मगर लोगों में उत्साह देखते ही बन रहा था। हजारों समर्थन रैली न होने के बावजूद वहां पहुंचे। जल्द ही रैली की नई तारीख की घोषणा कर दी जाएगी।
- सुरेंद्र पूनिया, भाजपा जिला अध्यक्ष, हिसार।