सुबह छाई धुंध, 28 व 29 फरवरी को बारिश के आसार, मौसम बदल रहा करवट
मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि प्रदेश में 28 व 29 फरवरी तक मौसम में परिवर्तन होगा जिससे इन दोनों दिनों में बारिश भी हो सकती है।
हिसार, जेएनएन। फरवरी का आखिरी सप्ताह चल रहा है मगर मौसम की तब्दीली लगातार जारी है। हिसार में पिछले दिनों बारिश के कारण जहां दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी तो अब दिन और रात्रि के समय तापमान एक बार फिर से बढ़ गया है। मगर सुबह के वक्त अलग ही मिजाज देखने को मिलता है। तीन से चार दिन के बाद मौसम यू-टर्न ले रहा है। बीते दो से तीन में ग्रामीण क्षेत्र में सुबह के समय धुंध छा रही है तो वहीं सुबह के वक्त हल्की ठंड भी रहती है। गुरुवार को सुबह मौसम में एक दम से तब्दीली देखने को मिली और बादल छा गए। इसके साथ ही धुंध भी देखने को मिली तो हवा भी चल पड़ी।
जबकि पिछले 10 दिन से मौसम पूरी तरह से साफ चल रहा था। सर्दी भी अंतिम चरण में पहुंच चुकी थी। लेकिन बुधवार सुबह की तरह ही गुरुवार को एक दम धुंध के साथ ठंड भी बढ़ गई। सुबह के वक्त तो दृश्यता शून्य दर्ज की गई। नेशनल हाईवे पर वाहन रेंग-रेंगकर चले। फिर जैसे जैसे धूप निकली तो यह छंटती गई। बात हिसार की करें तो यहां धुंध स्मॉग में भी तब्दील होती नजर आई।
बुधवार को में दिन में 27.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है तो न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। गुरुवार को सुबह भी तापमान इसी के आसपास ही रहा।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि प्रदेश में 28 व 29 फरवरी तक मौसम में परिवर्तन होगा, जिससे इन दोनों दिनों में बारिश भी हो सकती है। इसके साथ ही दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी व उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलने की संभावना से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। 28 फरवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण मौसम में बदलाव संभावित है।