अध्यापिका बोली- अध्यापक ने की छेड़छाड़, इधर नाबालिग से दुष्कर्म, उधर युवती का अपहरण
हिसार में एक साथ क्राइम के कई मामले सामने आए हैं। दुष्कर्म छेड़छाड़ अपहरण मारपीट से लेकर कई ऐसे मामले हैं जो कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
हिसार, जेएनएन। हिसार में एक साथ क्राइम के कई मामले सामने आए हैं। दुष्कर्म, छेड़छाड़, अपहरण, मारपीट से लेकर कई ऐसे मामले हैं जो कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इसमें से एक मामले में सरकारी स्कूल में साथी शिक्षक को गलत नजर से देखने और जातिसूचक शब्द कहने पर पुलिस ने महिला अध्यापिका की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में महिला अध्यापिका ने कहा कि आरोपित शिक्षक अंग्रेजी पढ़ाता है। वह उसको काफी समय से परेशान रह रहा है। स्कूल में भी वह उसको जातिसूचक शब्द से पुकारता है।
महिला अध्यापिका ने कहा कि वह पीएचडी करना चाहती है। इसके लिए उसने स्कूल हेड से इजाजत मांगने के लिए पत्र दिया तो आरोपित ने वह भी रद करवा दिया। महिला अध्यापिका ने आरोप लगाया कि एक और महिला ने भी शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को इस अध्यापक के खिलाफ लिखित शिकायत दी हुई है। पुलिस ने अध्यापक पर छेड़छाड़ सहित एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
नाबालिग का अपहरण कर किया दुष्कर्म
हिसार : घर की बैठक में सो रही14 साल की नाबालिग का अपहरण कर पड़ोस के युवक सुभाष ने दुष्कर्म किया। नाबालिग के शोर मचाने पर उसकी मां मौके पर पहुंच गई। आरोपित ने दोनों को बात बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को नाबालिगा ने बताया कि वह 26 जून की रात को घर की बैठक में टीवी देखते हुए वहीं सो गई। रात करीब साढ़े 11 बजे बैठक का किसी ने दरवाजा खटखटाया। उसने दरवाजा खोल कर देखा तो बाहर सुभाष खड़ा था। आरोपित उसको पकड़ कर अपने घर ले गया। वहां पर उसके साथ दुष्कर्म किया। नाबालिग ने बताया कि जैसे ही उसने शोर मचाया तो उसकी मां पहुंच गई।
सिपाही को मारा थप्पड़, मामला दर्ज
हिसार : सिपाही रामबीर को थप्पड़ मारने के मामले में पुलिस ने कौशिक नगर निवासी नरेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सिपाही रामबीर एमएचसी रूम में कोई मैसेज देने के लिए गया था। उसी दौरान नरेश वहां पर आया और रामबीर को पकड़ कर अचानक से उसे थप्पड़ मार दिया। उसी समय बाकी पुलिस कर्मचारियों की मदद से उसको पकड़ लिया गया।
युवती का घर से अपहरण
हिसार: जिले के एक गांव से युवती का अपहरण करने पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। युवती के पिता ने भूपेंद्र और विनोद पर अपहरण करने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार युवती को 26 जून को विनोद अपने साथी भूपेंद्र के साथ अपहरण कर ले गया। अब भूपेंद्र उनके खिलाफ ही शिकायत दे रहा है।
युवती से छेडख़ानी करने पर मामला दर्ज
सिवानीमंडी : पुलिस ने वार्ड संख्या 5 की एक युवती के बयान पर वार्ड के ही उसके एक पड़ोसी पर छेडख़ानी का मामला दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस ने बताया कि युवती की शिकायत थी की उसी के वार्ड का युवक उससे छेडख़ानी करता है। पुलिस ने आरोपित युवक की तलाश भी शुरू कर दी है।