एक भैंस की कीमत 2.80 लाख रुपये, हिसार में पशुओं की नीलामी ने तोड़े रिकॉर्ड; 59 पशु बेचकर जुटाए 47.21 लाख
लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार में पशुधन की सार्वजनिक नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

पशुओं की बिक्री के दौरान लुवास में मौजूद पशुपालक।
HighLights
लुवास हिसार में पशुधन की सार्वजनिक नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न
कुल 59 पशुओं की बिक्री से 47.21 लाख रुपये का राजस्व
एक भैंस 2.80 लाख रुपये में बिकी, बनी आकर्षण का केंद्र
जागरण संवाददाता, हिसार। लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के पशुधन उत्पादन प्रबंधन विभाग के भैंस फार्म में पशुओं की सार्वजनिक नीलामी संपन्न हुई।
नीलामी में हरियाणा के अलावा पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से करीब 250 पशुपालक, प्रजनक एवं अन्य खरीदार पहुंचे।
कुलपति प्रो. डॉ. विनोद कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस नीलामी में विभिन्न आयु वर्ग के कुल 59 पशु बिक्री के लिए रखे गए थे। इनमें 24 भैंस, 11 कटड़ियां और 24 कटड़े शामिल थे।
इनमें से 11 कटड़ों को नीलामी से एक दिन पहले ही विभिन्न क्षेत्रों के प्रजनकों और पंचायतों द्वारा प्रजनन के उद्देश्य से खरीद लिया गया था। सार्वजनिक नीलामी में शेष 48 पशुओं की बोली लगाई गई।
इनकी बिक्री से विभाग को 44.70 लाख रुपये की आय हुई। पहले बिक चुके 11 पशुओं को मिलाकर कुल 59 पशुओं की बिक्री से 47.21 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। नीलामी में सबसे अधिक कीमत भैंस संख्या 1131 की लगी। यह भैंस 2.80 लाख रुपये में बिकी।
