भाई- बहन ने पहले काटी नस, फिर जहर निगलकर दे दी जान, मिले दोनों के शव
सिरसा जिले में एक दर्दनाक घटना घटी है। यहां फ्रेंडस कॉलोनी में भाई-बहन ने जहरीली वस्तु निगलकर आत्महत्या कर ली। दोनों के हाथों की नस भी कटी हुई थी।
सिरसा, जेएनएन। सिरसा जिले में एक दर्दनाक घटना घटी है। यहां फ्रेंडस कॉलोनी में भाई-बहन ने जहरीली वस्तु निगलकर आत्महत्या कर ली। दोनों के हाथों की नस भी कटी हुई थी। पुलिस ने मौके से जहरीली वस्तु व कटर भी बरामद किया है। परिजन रविवार सुबह दोनों को जगाने गये तो दोनों के शव बेड पर पड़े हुए थे। पुलिस ने पिता ओमप्रकाश के बयान पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
फतेहाबाद नगर परिषद से रिटायर्ड कर्मचारी ओमप्रकाश की पत्नी का छह माह पूर्व निधन हो गया था। उसकी 38 वर्षीय बेटी अनीता एमए तथा 35 वर्षीय बेटा प्रदीप बीए पास है। दोनों नौकरी के लिए तैयारी कर रहे थे और कोचिंग ले रहे थे। माना जा रहा है कि दोनों तनाव में थे। नौकरी नहीं मिलना और फिर मां का निधन होना दोनों के लिए काफी सदमा भरा था। वहीं अन्य पहलुओं से भी पुलिस मामले की जांच कर रही है। पड़ोसियों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। मृतक और मृतका दोनों ही अविवाहित थे। पुलिस प्रयास कर रही है कि कोई सीसीटीवी फुटेज भी मिल सके ताकि जांच में आसानी हो।
अलग-अलग कमरों में खाई जहरीली वस्तु
पुलिस को दिए बयान में पिता ओमप्रकाश ने बताया कि बेटा-बेटी अपनी मां के निधन के बाद से डिप्रेशन में थे। शनिवार रात्रि को दोनों खाना खाने के बाद सोने के लिए चले गये। लड़की छत पर बने कमरे व लड़का नीचे कमरे में सो रहा था। सुबह जब दोनों को जगाने गए तो दोनों बेसुध अवस्था में थे। इसके बाद दोनों को निजी अस्पताल में लेकर गये जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
---फ्रेंडस कॉलोनी में शनिवार रात्रि को भाई बहन ने जहरीली वस्तु व हाथों की नश काट कर आत्महत्या कर ली है। पिता ने डिप्रेशन में दोनों द्वारा आत्महत्या करने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---इंस्पेक्टर अमित बैनीवाल, थाना प्रभारी, सिविल पुलिस लाइन