घर पहुंचा ITBP जवान का पार्थिव शरीर, अंतिम विदाई पर हर आंख हो गई नम
अरुणाचल प्रदेश में गुरुवार को पेट्रोलिंग करते समय जवान खाई में गिर गए थे। रविवार को पार्थिव शरीर बरामद हुआ था। आज राजकीय सम्मान के साथ महम में मुखाग्नि दी गई।
महम/रोहतक, जेएनएन। अरुणाचल में ड्यूटी के दौरान लापता हुए महम के आइटीबीपी के जवान का पार्थिव शरीर गहरी खाई से बरामद करने के बाद आज उनके गांव महम पहुंचा। पार्थिव शरीर के आने से पहले ही ग्रामीण हाथों में तिरंगा लेकर खड़े हो गए। सेना जब जवान के पार्थिव शरीर को लेकर पहुंची तो भारत माता की जय के नारे लगे और माहौल देशभक्ति से लबरेज हो गया।
वहीं दूसरी ओर जवान बेटे का शव देख परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, मां बेसुध हो गई तो पत्नी रह रह कर पति का नाम पुकार रही थी। खेलने खाने की उम्र में पत्नी का सुहाग उजड़ गया। पत्नी की चीखों को सुनकर हर कोई सुबक उठा। शहीद मुकेश के परिवार के लोग गर्व कर रहे थे तो साथ ही दुख के कारण बेहद मार्मिक हो चुके थे। अंतिम संस्कार के दौरान हरियाणा पुलिस के जवान भी पहुंचे। आइटीबीपी और हरियाणा पुलिस के जवानों ने सलामी दी। मुखाग्नि देने के दौरान सभी की आंखें नम हो गई।
बता दें कि महम के वार्ड-9 निवासी मुकेश कुमार आइटीबीपी में कार्यरत थे। जिनकी ड्यूटी अरुणाचल प्रदेश के बदर क्षेत्र में चल रही है। बृहस्पतिवार सुबह आइटीबीपी और सेना की टुकड़ी संयुक्त रूप से बदर क्षेत्र में पेट्रोलिंग चल रही थी। तभी लकड़ी का पुल पार करते समय मुकेश कुमार का पैर फिसलकर वह गहरी खाई में गिर गए थे। तभी से उनकी तलाश चल रही थी, लेकिन कोई पता नहीं लग पा रहा था।
शनिवार सुबह कंपनी कमांडर रहमान ने तीन सैनिकों को मुकेश कुमार के घर भेजा। उन्होंने बताया कि मुकेश कुमार का सामान मिल गया है। ऐसे में परिजनों की भी उम्मीद बंध गई थी कि शायद उनका बेटा सकुशल मिल जाएगा। लेकिन रविवार को जवान का पार्थिव शरीर गहरी खाई में पड़ा मिला। हादसे का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
चार साल पहले हुई थी शादी, पिता और भाई करते हैं मजदूरी
परिजनों के अनुसार 31 दिसंबर 2019 को मुकेश का तबादला दिल्ली से अरुणाचल हो गया था। मुकेश की शादी करीब साढ़े चार साल पहले हुई थी। हालांकि अभी कोई बच्चा नहीं है। परिवार में दो भाई और एक बहन है। पिता और दोनों भाई मजदूरी करते हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।