हिसार में 85 दिन बाद खुली ब्लू बर्ड झील, बोटिंग टिकट रेट भी घटाए, देखने को मिलेगा नया लुक
हिसार ब्लू बर्ड झील में बोटिंग करने के चार्ज घटाए अब 75 की जगह 50 रुपये प्रति व्यक्ति लगेंगे। सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक पयर्टकों के लिए खुली झील
हिसार, जेएनएन। आप घर बैठे बैठे बोर हो गए हैं और बाहर जाकर कोरोना वायरस से बचाव भी चाहते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। अब 85 दिन बाद ब्लू बर्ड झील फिर से पर्यटकों के लिए खुल गई है। रविवार से इस सेवा को फिर से शुरू कर दिया गया। लॉकडाउन के कारण इसे बंद कर दिया गया था। यहां सन्नाटा पसरा हुआ था, मगर अब फिर से यहां चहल पहल देखने को मिलेगी।
वहीं लॉकडाउन के कारण पर्यटकों को दोबारा आकर्षित करने के लिए बोटिंग किराया कम कर दिया गया है। 75 की बजाय 50 रुपये प्रति व्यक्ति बोटिंग कर सकता है। इतना ही नहीं छह सीट वाली बोट में एक परिवार के चार सदस्य बोटिंग कर सकते हैं। इसके अलावा चार सीट वाली बोटिंग में केवल दो जने बोटिंग कर सकते हैं।
झील पर जाने का समय सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे का रहेगा। कोरोना को देखते हुए बोट पर बैठने से पहले सैनिटाइजेशन का इंतजाम किया गया है। बोट पर बैठने से पहले सैनिटाइजर से हाथ धुलवाए जाएंगे। इसके अलावा बोट को नए रंगों से पेंट किया गया है।
आज झील के ओपन होने से पहले ठेकेदार सतपाल यादव ने पूरे प्रबंधों का जायजा लिया। इस बार झील में पहले ज्यादा मछलियां देखने को मिलेंगी। ठेकेदार का कहना है कि पयर्टकों के लिए हमने कई सुविधाएं की हैं। ब्ल्यू बर्ड होटल भी खुल गया है इसलिए हिसार में घूमने और खाना खाने के लिए इससे अच्छा व एकांत स्थान और कोई नहीं हो सकता।
बता दें कि शहर में सिरसा दिल्ली बाईपास पर हरियाणा टूरिज्म का ब्लू बर्ड टूरिज्म केंद्र साल 1995 से 52 एकड़ में स्थापित है, जिसमें से करीब 18 एकड़ में झील, कांप्लेक्स व जंगल एरिया है। शहर से बाहर एकांत में बनी यह झील लोगों को खूब आकर्षित करती है। साथ ही शाम के वक्त यहा डूबते सूरज को देखने के लिए बहुत से लोग जाते हैं। मगर कोरेाना का लेकर जारी लॉकडाउन में झील को बंद कर दिया गया था, जिसे अब फिर से खोला गया है।