हरियाणा के सीएम मनोहर लाल बोले- मोदी नहीं, भाजपा वर्कर्स हैं तो मुमकिन है
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कोई पूछे तो पहले खुद को हरियाणवी बताना फिर जाति बताना। कहा विधानसभा चुनावों में हम 67 सीटों को टारगेट लेकर चलेंगे 90 सीटों की ढींगे नहीं हांकेंगे।
हिसार, जेएनएन। लोकसभा चुनावों में भाजपा के भारी बहुमत के बाद हर कोई एक ही बात कहता नजर आया कि मोदी है तो मुमकिन है। मगर हरियाणा के सीएम मनोहर लाल इस बात से इत्तफाक नहीं रखते हैं। सीएम मनोहर लाल का कहना है कि सब कहते हैं कि मोदी है तो मुमकिन है। मगर मैं कहता हूं कि मोदी नहीं, भाजपा वर्कर है तो मुमकिन है। उन्होंने ये तक कह डाला कि भले ही मोदी मेरी बात को सुनकर नाराज हो जाएं मगर वर्करों के कारण ही सब कुछ मुमकिन हुआ है। सीएम मनोहर लाल बुधवार को हिसार के पुराना राजकीय मैदान में पन्ना प्रमुख के अभिनंदन सम्मेलन में पहुंचे थे।
सीएम मनोहर लाल अलग ही अंदाज में नजर आए। उन्हाेंने कहा कि आज में स्टेज पर बैठे नेताओं का नाम नहीं लूंगा। वो इसलिए नहीं ले रहा हूं कि चाहे मुख्यमंत्री हो या पार्टी के नेता हों हम सभी को आभास है कि हम कार्यकर्ता हैं। हमनें पन्ना प्रमुखों का प्रयोग हरियाणा में पहली बार किया। 60 वोटर के परिवार तक पहुंचने का काम हमने उनको दिया। उन्होंने जो कमाल किया उसी से विचार आया कि नेताओं का अभिनदंन बहुत हुआ। पन्ना प्रमुखों को मेहनत से ही 10 की 10 सीटों पर कमल खिलाया में उनका अभिनंदन करता हूं।
72 साल देश को आजाद हुए हो गए, पहली बार किसी सरकार को इतने बड़े बहुमत की सरकार बनाई है। 1971 में जब इंदिरा जी जीती थी तो देश के लिए जिताया था। कांग्रेस कहती है सत्ता पहले, देश बाद में। हमने पहले देश फिर सत्ता की बात की। चुनावी माहौल या युद्ध के साथ तुलना करता हूं। ये कहते हैं देश के टुकड़े हो जाएं हमें सत्ता प्यारी है। हम कहते हैं कि देश के टुकड़े नहीं हो भले ही सत्ता इन्हें दे दो।
विपक्ष की यात्रा शुरू होती है तो सत्ता प्राप्ति अंतिम लक्ष्य है। हमारी यात्रा सत्ता प्राप्ति के बाद शुरू होती है। सता प्राप्ति हमारा एक लक्ष्य भले ही हो। मुख्य लक्ष्य नहीं है जनता का काम करने मुख्य लक्ष्य है। विपक्ष के लोगों ने सत्ता प्राप्ति के बाद अपने घर भरे हैं। अब ये कटघरे में आ चुके हैं। उन्हें उनका फल ज़रूर मिलेगा। भ्रष्टाचार को रोकने के लिए हमने मेहनत की है युवा को मिलने वाले सम्मान से युवा खुश है, महिला अपराध में कमी आई है, उनको मिलने वाले सम्मान से महिलाएं खुश है। किसानों की फसल खरीद और मुआवजा समय पर मिलने से किसान खुश हैं।
सीएम मनोहर लाल पर फूलों की वर्षा करते हुए पन्ना प्रमुख महिलाएं एवं भाजपा कार्यकर्ता
अमर्यादित भाषा मत निकालना जनता सहन नहीं करती
उन्होेंने कहा कि दलालों पर आज ऑनलाइन सिस्टम से नकेल कसी है। हमने भ्रष्टाचार को खत्म किया है। शहीदो के परिवारों को पौने 4 साल में 350 नौकरी दी है। विधानसभा चुनावों को लेकर सीएम मनोहर लाल ने कहा कि 3 माह बाद हमारी परीक्षा आन खड़ी है। विपक्ष की अमर्यादित भाषा लगातार बढ़ेगी। आपको संयम रखना है। कोई गलत शब्द हम मुख से नही निकालेंगे।अमर्यादित भाषा को जनता स्वीकार नहीं करती है।
हरियाणा के लोगों को अब चिंता नहीं होती
20 से 30 साल पहले चुनाव होते थे तो रोटी कपड़ा और मकान की चिंता होती थी। आज हरियाणा बहुत ही कम लोग होंगे जिन्हें चिंता होगी। आज bsp फैक्टर चलता है यानि बिजली, सड़क और पानी की बात चलती है।
हरियाणा के 104 गांव है जहां पानी की लाइन या अन्य दिक्कत है। 98 गावों में पानी को लेकर काम शुरू हो गया है। जहां दिक्कत है जल्द ही शुरू कर देंगे। नेताओं से बची हुई सड़कों की लिस्ट नेताओं से मांगी है। 3 माह में काम पूरा कर देंगे।
कोई पूछे तो कहो कि हरियाणवी हूं, जाति बाद में बताना
सीएम मनोहर ने कहा कि जाति आदि के नाम पर हम आपसी भेदभाव को पैदा नही होने देंगे। राजनीति में जाति का कोई स्थान नहीं है। इसलिए हमने हरियाणा एक हरयाणवी एक कि बात कही है। आपसे निवेदन करता हूं की जातिवाद को आगे न आने दें। कोई पूछे तो पहले बताओ कि हरयाणवी हूं। उसके बाद बताओ जाट हूं, पंजाबी हूं या अन्य हूं।
हम 67 सीटों को टारगेट लेकर चलेंगे, 90 सीटों की डींगें नहीं हाकेंगे
उन्होंने कहा आज से हम सोशल सिक्योरिटी की ओर काम करेंगे। स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बहुत बढ़ गयी है। आयुष्मान शुरू हो गयी है। हेल्थ ओर शिक्षा पर 5 साल काम करेंगे। विदेशों में भी यही मुद्दे हैं। इन पर हम काम करेंगे। पहले कार्यकर्ता को अपनी सोच में ये बदलाव लाना है फिर जनता में लाना है। हम 67 सीटों का लक्ष्य लेकर चलेंगे। कोई 90 सीटों की डींगें नही हाकेंगें।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप