झज्जर में बड़ा हादसा, मकान तोड़ते समय दीवार गिरने से चार लोग दबे, एक को किया रेफर
दीवार गिरने के कारण वहां पर मौजूद चार लोग दब गए। इसका पता लगते ही आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मजदूर की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया।
झज्जर, जेएनएन। झज्जर में सिलानी गेट स्थित सुंदर कॉलोनी में शनिवार दोपहर को मकान तोड़ते समय दीवार गिर गई। दीवार गिरने के कारण वहां पर मौजूद चार लोग दब गए। इसका पता लगते ही आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने मजदूर की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया। वहीं अन्य का उपचार आरंभ कर दिया।
मध्यप्रदेश के जिला छतरपुर पार्वती ने बताया कि उसका पति करीब 40 वर्षीय हरीचरण मजदूरी करता है। वें फिलहाल छावनी मोहल्ला में रहते हैं और सिलानी गेट स्थित सुंदर कॉलोनी में एक मकान को तोड़ रहे थे। शनिवार दोपहर को दंपति के साथ उनकी भतीजी लक्ष्मी व रजनी दोनों भी वहां पर गई हुई थी। हरीचरण दीवार को ऊपर से तोड़ रहे थे और वे तीनों नीचे मौजूद थी। इसी दौरान दीवार ऊपर से गिर गई। जिसके साथ ही हरीचरण भी नीचे गिर गया और दब गया।
वहीं नीचे मौजूद पार्वती, रजनी व लक्ष्मी भी दीवार के नीचे दब गई और घायल हो गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पर पहुंच गए। घायलों को दीवार के नीचे से निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल में ले आए। चिकित्सकों ने हरीचरण की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआइ रेफर आरंभ कर दिया। वहीं अन्य तीनों का जिला अस्पताल में ही उपचार किया गया। वे पिछले कई दिनों से मकान तोड़ने का काम कर रहे थे। शनिवार दोपहर को अचानक दीवार गिर गई। जिस कारण यह हादसा हुआ है।