बलराज कुंडू बोले- मजबूरी में ग्रोवर पर पहले चुप रहा, अब अगले माह करूंगा बड़ा खुलासा
विधायक बलराज कुंडू पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर को भ्रष्टाचारी बताते हुए आट आरक्षण आंदोलन में लोगों की मौत का जिम्मेदार बताया था जांच नहीं होने पर बीजेपी से समर्थन लेने की बात कही
रोहतक, जेएनएन। महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने पूर्व सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर पर गंभीर आरोप लगाकर सियासी पारा चढ़ा दिया है। भाजपा सरकार के खिलाफ विपक्ष को जहां बड़ा मुद्दा मिल गया है, वहीं भाजपाई भी कुंडू के खिलाफ लामबंद होते दिख रहे हैं। हालांकि बलराज कुंडू ने अगले माह बड़ा खुलासा करने का दावा किया है, जिसके सबूत एकत्रित किए जा रहे हैं।
साथ ही उन्होंने कहा कि पूर्व सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर के साथ उनका छत्तीस का आंकड़ा रहा है। ग्रोवर ने उनका हमेशा विरोध किया। यह तो संगठन की मजबूरी थी कि उनको इतने दिन तक चुप रहना पड़ा। पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर भी शनिवार रात को आस्ट्रेलिया दौरे से वापस लौट आए हैं। एक-दो दिन में हो सकता है कि वे इन आरोपों को लेकर पलटवार करें, जनता को भी इसका इंतजार है।
विधायक बलराज कुंडू ने दिए इन तीन सवाल के ये जवाब
1. मनीष ग्रोवर पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के लिए पांच साल तक इंतजार क्यों किया? आप तो सार्वजनिक रूप से मनीष ग्रोवर को अपना बड़ा भाई मानते थे। फिर अचानक ऐसी नौबत क्यों आई?
जवाब : मनीष ग्रोवर ने हमेशा ही उनका विरोध किया। भ्रष्टाचार किए जाने की जानकारी तो पहले से थी। लेकिन पार्टी संगठन में रहते मजबूरियां थी, इसलिए चुप रहा। लेकिन वह वे पार्टी लाइन से स्वतंत्र हैं, इसलिए अपनी दिल की बात सार्वजनिक रूप से कह पाया हूं। पार्टी में रहते कई बार मतभेद होते हुए भी साथ रहना पड़ता है। इसलिए कार्यक्रमों में साथ नजर आते थे।
2. निर्दलीय विधायक बनने के बाद सरकार में हिस्सेदारी से वंचित करने की भड़ास तो नहीं ग्रोवर पर आरोप?
जवाब : मैंने कभी भी किसी पद की लालसा नहीं की। जिला परिषद के चेयरमैन रहते उन्होंने कभी कि सरकारी सुविधाएं नहीं ली। जनता की सेवा करने के लिए राजनीति में आया हूं। महम की जनता से आशीर्वाद लेकर चुनाव मैदान में उतरा। भाजपा से टिकट मांगा, लेकिन नहीं मिला। इसके पीछे किसका हाथ था, उसके बारे में भी जानकारी है। जनता ने मुझे विधानसभा में भेजा है। भाजपा को बिना समर्थन दिया। लेकिन पद की लालसा नहीं की। ऐसा नहीं है कि मंत्री पद नहीं मिलने के कारण मैं इस तरह के आरोप लगा रहा हूं।
3. अब आपका अगला कदम क्या रहेगा ?
जवाब : यह तो फिल्म का ट्रेलर था। अगले सप्ताह तो पूरी फिल्म की रिलीज होगी। बड़ा धमाका करने जा रहा हूं। काफी सबूत एकत्रित कर लिए गए हैं, जिनका खुलासा शीघ्र किया जाएगा। साथ ही, विधानसभा में पूर्व मंत्री के भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर आवाज उठाई जाएगी। इस मामले को जांच तक ले जाने का प्रयास रहेगा ताकि हकीकत को जनता के सामने लाया जा सके।