दंगल गर्ल बबीता बोलीं- लड़कियां छुई-मुई न बनें, जहां गलत हो रहा है आवाज जरूर बुलंद करें
दैनिक जागरण के 10वें फिल्म फेस्टिवल का सनसिटी सिनेमा में आगाज हुआ। प्रदेश वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु और दंगल गर्ल बबीता फौगाट ने फिल्म फेस्टिवल में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
हिसार, जेएनएन। दंगल गर्ल बबीता फौगाट ने कहा कि अब समय बदल गया है और लड़कियों को छुई-मुई की तरह नहीं रहना चाहिए। जहां सीखना है सीखिए, जहां गलत हो रहा है, वहां आवाज भी बुलंद कीजिए। उन्होंने कहा कि अगर हमारे माता-पिता लड़का-लड़की में भेद करते तो हम फोगाट बहनें कभी इस मुकाम पर नहीं पहुंच पातीं।
पिता की ट्रेनिंग ने हमें अनुशासन में रहना सिखाया। उन्होंने अभिभावकों को कहा कि उन्हें भी ध्यान देना चाहिए कि उनके बच्चों को इतना लाड़ न मिले कि वह चलना ही नहीं सीख पाएं। उन्होंने आत्मनिर्भर बनाएं। राजनीति में आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से खेल के दंगल में प्रतिद्वंद्वी को मात देनी होती है ठीक वैसे ही राजनीति भी अखाड़ा है, यहां भी वैसी ही मेहनत कर दंगल करुंगी।
रजनीगंधा के सहयोग से दैनिक जागरण के 10वें फिल्म फेस्टिवल का शुक्रवार शाम को सनसिटी सिनेमा में आगाज हुआ। प्रदेश के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु और दंगल गर्ल पहलवान बबीता फोगाट ने फिल्म फेस्टिवल में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्रीज को काफी मेहनत करने की जरूरत : कैप्टन अभिमन्यु
इस मौके पर वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि मैं फिल्में देखने का शौकीन हूं। मगर अब मेरे पांच साल के काम की परीक्षा शुरू होने वाली है। इसलिए मेरे पास इतना समय नहीं है कि मैं फिल्में देख सकूं। उन्होंने कहा कि हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्रीज को काफी मेहनत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ङ्क्षहदी सिनेमा हरियाणवी बोलकर करोड़ों रुपये कमा सकता है तो हम क्यों नहीं कर सकते।
मुंबई में काफी पैसा फिल्म इंडस्ट्रीज से आता है। मुंबई की तरह हरियाणा की फिल्म इंडस्ट्रीज हो, इसका सपना सरकार ने देखा है। प्रदेश में फिल्म पॉलिसी हरियाणा सरकार ने लागू की है। इस पॉलिसी के तहत हरियाणवी फिल्म बनाने पर सरकार दो करोड़ रुपये स्पॉंसर करती है। इसके अलावा फिल्म पॉलिसी में ऐसी अनेक चीजें हैं जो कलाकारों और जनता के सामने आनी जरूरी हैं। सरकार हरियाणवी सिनेमा को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। ङ्क्षहदी और हरियाणवी काफी मिलती जुलती हैं, इसका फायदा हम उठा सकते हैं।
जागरण सभी समाचार पत्रों में सबसे आगे : कैप्टन
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि दैनिक जागरण के संस्थापक स्व. पूर्णचन्द्र गुप्त, पूर्व प्रधान सम्पादक नरेंद्र मोहन गुप्त और प्रधान संपादक संजय गुप्त के साथ मैं संपर्क में रहा हूं। उन्होंने जिस सोच के साथ अखबार को आगे बढ़ाया वैसा ही आज देखने को मिलता है। दैनिक जागरण एक ऐसा समाचार पत्र है जो सामाजिक सरोकारों को लेकर आगे बढ़ता है। शायद ही ऐसा कोई समाचार पत्र हो जो सामाजिक सरोकारों की गहराई को समझता हो। इसलिए मैं सभी समाचार पत्रों में जागरण को सबसे आगे रखता हूं। इस मौके पर दैनिक जागरण की हिसार यूनिट के महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने आए हुए अतिथियों को बुके सौंपकर स्वागत किया।
जागरण की मुहिम को सलाम : बबीता
दंगल गर्ल बबीता फोगाट ने कहा कि दैनिक जागरण की मुहिम को वे सलाम करती हूं। इस फिल्म फेस्टिवल के माध्यम से अखबार समाज में रिश्ते, परिवार, बड़ों का महत्व, राष्ट्र की भावना जागृत करने का काम पिछले 10 साल से कर रहा है। यहां आकर उन्हें बेहद खुशी हुई। इस फिल्म फेस्टिवल में जो फिल्में शामिल की गई हैं, वह ऐसी हैं कि परिवार के लोग एक साथ बैठकर देख सकते हैं और वह सामाजिक संदेश भी देती हैं।