झज्जर में गोवंश को बचाने के चक्कर में ऑटो पलटा, एक की मौत
बहराणा से डीघल जाते समय गोवंश को बचाने के चक्कर में ऑटो पलट गया। इसमे एक की मौत हो गई। जबकि चालक घायल हो गया।
झज्जर, जेएनएन। झज्जर में देर रात एक हादसा हो गया। हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई। अचानक गाय सामने आने की वजह से हादसा हुआ। वहीं चालक घायल हो गया है। झज्जर पुलिस ने इत्फाकिया कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया।
दरअसल, बहराणा से डीघल जाते समय बीच रास्ते में शुक्रवार रात को अचानक सामने आई गाय को बचाने के चक्कर में ऑटो पलट गया। इस हादसे में घायल ऑटो चालक व सवार दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने बहराणा निवासी अधेड़ किसान को मृत घोषित कर दिया। वहीं चालक की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई भेज दिया।
गांव बहराणा निवासी नवीन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके पिता 52 वर्षीय जयपाल खेतीबाड़ी करता था। शुक्रवार रात को वह गांव के ही एक ऑटो को लेकर डीघल जा रहा था। ऑटो को गांव का ही अशोक चला रहा था। जब वे डीघल चौक के नजदीक पहुंचे तो अचानक गाय ऑटो के सामने आ गई। उन्होंने गाय को बचाने का प्रयास किया, लेकिन ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने जयपाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं अशोक की गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वहीं इस घटना की सूचना पुलिस को भी दे दी।
जांच अधिकारी एएसआई राजीव ने बताया घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच आरंभ कर दी। मृतक जयपाल के बेटे नवीन के बयान दर्ज किए है। बयानों में गाय को बचाने के चक्कर में ऑटो पलटने की बात कही है। बयानों के आधार पर इत्फाकिया कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया।
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें