हिसार में SBI बैंक के असिस्टेंड मैनेजर ने नहर में कूदकर दी जान, दो बेटी और एक बेटे के सिर से उठा पिता का साया
हिसार में एसबीआई के असिस्टेंट मैनेजर विनय ने बालसमंद नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। बुधवार दोपहर उसका शव पातन गांव के पास एक माइनर में मिला।

असिस्टेंट बैंक मैनेजर ने बालसमंद नहर में कूद कर दी जान।
HighLights
एसबीआई असिस्टेंट मैनेजर विनय ने की आत्महत्या
बालसमंद नहर में कूदने के बाद शव बरामद
पुलिस ने जांच शुरू की, परिवार के बयान दर्ज
जागरण संवाददाता, हिसार। डिफेंस कॉलोनी में रहने वाले और एसबीआई ब्रांच में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत 40 साल के विनय ने बालसमंद नहर में कूद कर जान दे दी। बुधवार दोपहर बाद उसका शव पातन गांव के पास माइनर में मिला।
सूचना मिलने पर कोर्ट कांप्लेक्स पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार विनय आजाद नगर स्थित एसबीआई ब्रांच में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत था। वह शादीशुदा था। उसे दो बेटी और एक बेटा है।
स्वजन ने बताया कि मंगलवार रात करीब दो बजे वह अपनी क्रेटा कार लेकर कैमरी रोड पर बालसमंद नहर के पास पहुंचा। वहां पर अपनी कार खड़ी की। एक दुकान वाले को कार की चाबी दी। फिर उसने नहर में छलांग लगा दी।
सुबह पटरी पर कपड़े और फोन पड़े थे। एक राहगीर ने फोन को देखा और जिस नंबर से कॉल आई हुई थी उस पर कॉल की और बताया कि कपड़े और फोन पटरी पर पड़े हुए हैं। उसके बाद स्वजन और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
गोताखोरों ने नहर में की तलाश
पुलिस ने नहर में पानी कम करवाया उसके बाद पांच गोताखोरों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। करीब ढाई से तीन घंटे तक नहर को खंगाला। फिर पुलिस को सूचना मिली की पातन गांव के पास एक माइनर में व्यक्ति का शव मिला है।
पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद पता चला कि शव विनय का है। कोर्ट कांप्लेक्स चौकी इंचार्ज महेंद्र ने बताया कि मृतक के स्वजन के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
