तंवर बोले- भाजपा, अकाली दल और इनेलो ने रोका है एसवाइएल का निर्माण
कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने इनेलो-बसपा द्वारा एसवाइएल के मसले पर किए जा रहे जेल भरो आंदोलन के पीछे भाजपा का हाथ बताया।
जेएनएन, हांसी (हिसार)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि हरियाणा में एसवाइएल के निर्माण को सदैव भाजपा, अकाली दल व इनेलो ने रोकने का काम किया है। वहीं, इनेलो द्वारा प्रदेश में एसवाइएल के मुद्दे पर शुरू किया गया जेल भरो आंदोलन भाजपा के इशारे पर हो रहा है।
अशोक तंवर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि सुमन शर्मा द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। तंवर ने इनेलो-बसपा गठबंधन पर कहा कि कांग्रेस की लोकप्रियता से डर कर इनेलो ने बसपा से हाथ मिलाया है जो लंबे समय तक नहीं चलेगा।
विधानसभा चुनाव में टिकट बांटने के प्रश्न पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव लड़ने के दावेदारों को अपने आप को साबित करना होगा। कुलदीप बिश्नोई के बारे में सीएम द्वारा दिए गए बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सीएम जिम्मेदार पद पर हैं और उन्हें सोच-समझ कर बयान देना चाहिए था।
हांसी को जिला बनाने की मांग पर तंवर ने कहा कि भाजपा ने चुनाव से पहले जिला बनाने का वादा किया था, उसे पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बिजली-पानी के संकट पर कार्यकर्ताओं को नारा दिया है कि मटका फोड़ो, ट्यूब तोड़ो और इसी नारे को लेकर अब कार्यकर्ता सरकार के साथ जनता की लड़ाई लड़ेंगे। इससे पहले तंवर ने जनसभा में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ेंः बसों में छेड़छाड़ पड़ेगी भारी, छह कैमरों से होगी मनचलों पर निगरानी