सिंबल पर मेयर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, बनेगा स्थानीय घोषणा पत्र : अशोक तंवर
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने नगर निगम चुनाव की सरगर्मी तेज होने के साथ ही मेयर का चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ने की घोषणा की है।
जेएनएन, हिसार : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने नगर निगम चुनाव की सरगर्मी तेज होने के साथ ही मेयर का चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्षदों का चुनाव भी पार्टी सिंबल पर लड़ा जाएगा या नहीं, इसका फैसला पार्टी जल्द लेगी। साथ ही स्थानीय मुद्दों को लेकर घोषणापत्र भी तैयार किया जाएगा, जिसमें सभी मुद्दे होंगे।
पांच दिसंबर से पहले सभी नामों की घोषणा कर दी जाएगी। तंवर कांग्रेस भवन में नगर निगम चुनाव को लेकर बुलाई गई पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक से पहले पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। तंवर ने कहा कि नगर निगम चुनाव लड़ने के लिए पार्टी पूरी तरह तैयार है। मेयर पद और पार्षदों के पद पर उम्मीदवार कौन होंगे, इसको लेकर बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि मेयर का चुनाव विधायक से बड़ा चुनाव है। कारण है, इसमें प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से चार विधानसभा जुड़ी हुई हैं। इसलिए पार्टी की तरफ से मेयर व वार्ड स्तर पर अलग से घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा।
उसमें सभी स्थानीय मुद्दे होंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार अपना बायोडाटा जमा करवा सकते हैं। यहां पर सभी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर चुनाव लड़ा जाएगा। डा. तंवर ने कहा कि सभी सीटों पर कांग्रेस अपनी जीत सुनिश्चित करेगी। भाजपा के प्रत्याशियों की घोषणा की चिंता नहीं है। भाजपा से हर वर्ग दुखी है और निगम चुनाव में सभी चीजें स्पष्ट हो जाएंगी। लोग भाजपा को हराने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण से सरकार ने लाखों करोड़ रुपये खर्च किए परंतु आज तक सफाई नहीं हो पाई है।
ढंढूर के लोग जहरीली गैसों में रहने को मजबूर हैं। वह कुछ मिनटों के लिए गए थे तो उनका गला खराब हो गया था, वहां लेकिन लोग सालों से रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार एयरपोर्ट की बात करती है, लेकिन यहां देश के अंदर की फ्लाइट भी नहीं उड़ा पाई है। इनेलो पर बोलते हुए डा. तंवर ने कहा कि भाजपा चुनाव हार रही है और इनेलो शहरों में पहले ही नहीं थी। पार्षद और मेयर को एक-दूसरे का सहयोग कर चुनाव लड़ना होगा, ताकि जीत पक्की हो।