अनिता कुंडू ने माउंट मनास्लू की चढ़ाई की शुरू, 50 दिनों में पूरा होगा मिशन
अनीता कुंडू दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को तीन बार फतह कर चुकी हैं। अब वे सेवन समिट की मिशन पर हैं। माउंट मनास्लू की ऊंचाई 8163 मीटर है।
जेएनएन, हिसार : गांव फरीदपुर के एक किसान की बेटी अनीता कुंडू गांव ही नहीं बल्कि देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन कर रही है। अनीता कुंडू दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को तीन बार फतह कर चुकी हैं। अब वे सेवन समिट की मिशन पर हैं। अनीता कुंडू माउंट मनास्लू की चढ़ाई करेंगी। माउंट मनास्लू की ऊंचाई 8163 मीटर है।
तीन सितंबर को अनिता कुंडू दिल्ली से नेपाल की राजधानी काठमांडू पहुंची थी। दो दिनों तक मिशन की तैयारी करने के बाद उन्होंने शुक्रवार को माउंट मनास्लू की चढ़ाई शुरू कर दी है। नेपाल के आरू घाट से उन्होंने मनास्लू के बेस कैंप की ओर बढऩा शुरू कर दिया है। अनीता कुंडू प्रतिदिन 10 से 12 किलोमीटर की चढ़ाई करेंगी और अगले लगभग 10 दिनों में माउंट मनास्लू के पांच हजार मीटर की ऊंचाई पर बने बेस कैंप पहुंच जाएगी। उसके बाद आगे की चढ़ाई करेंगी।
50 दिनों में पूरा होगा मिशन
अनीता कुंडू ने माउंट मनास्लू की चढ़ाई शुरू कर दी है। 8163 मीटर ऊंची माउंट मनास्लू को फतह करने में अनीता कुंडू को लगभग 50 दिनों का समय लगेगा। इस दौरान ज्यों-ज्यों अनीता कुंडू ऊंचाई पर जाएंगी तो उन्हें कम आक्सीजन, माइनस तापमान, बर्फिले तुफानों का सामना करना पड़ेगा।
अनीता कुंडू बना चुकी हैं रिकार्ड
अनीता कुंडू ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को नेपाल की ओर से 2013 में व चीन की ओर से 2017 में फतह कर चुकी हैं। एवरेस्ट को दोनों ओर से फतह करने वाली भारत की प्रथम महिला एवरेस्ट विजेता बन चुकी हैं। उसके बाद 21 मई 2019 को एवरेस्ट को तीसरी बार फतह करके रिकार्ड कायम किया है।
सेवन समिट मिशन में पांच चोटियां की फतह
अनीता कुंडू ने 2018 में अपने मिशन सेवन समिट मिशन की शुरुआत की थी। इसमें उनका लक्ष्य सातों महाद्वीपों की सातों ऊंची चोटियों फतह करना था। इसमें से पांच को उन्होंने फतह भी कर लिया है। जिसमें इंडोनेशिया, अफ्रीका, यूरोप, अमेरिका व अंटार्कटिका की ऊंची चोटियों को फतह किया है।