तीन बार माउंट एवरेस्ट फतेह कर चुकी अनिता कुंडू अब माउंट मनास्लू पर फहराएगी तिरंगा
अनिता ने 2013 में नेपाल के रास्ते और 2017 में चीन के रास्ते माउंट एवरेस्ट को फतेह किया था। वहीं इसके बाद 2019 में एक बार फिर से अनिता ने नेपाल साइड से एवरेस्ट फतेह की थी।
जेएनएन, हिसार : तीन बार की माउंट एवरेस्ट विजेता अनिता कुंडू अब माउंट मनास्लू की चढ़ाई करेंगी। उनका ये अभियान लगभग 50 दिन का रहेगा। मनास्लु जो कुतंग भी कहलाता है यह पृथ्वी का आठवां सबसे ऊंचा पर्वत है। यह 8,163 मीटर (26,781 फुट) ऊंचा पर्वत है जो नेपाल के गोरखा जिले में स्थित है। ये एक दुर्गम चोटी है, जिसको फतेह करना काफी मुश्किल होगा। अनिता के इस अभियान के लिए सीएम व कैबिनेट ने उसे तिरंगा देकर सम्मानित किया। अनिता इस तिरंगे को मनास्लू पर फहराएगी।
अनिता ने 2013 में नेपाल के रास्ते और 2017 में चीन के रास्ते माउंट एवरेस्ट को फतेह किया था। वहीं इसके बाद 2019 में एक बार फिर से अनिता ने नेपाल साइड से एवरेस्ट फतेह की थी। नेपाल व चीन की ओर से माउंट एवरेस्ट को फतेह करने वाली हिंदुस्तान की प्रथम बेटी भी बनी। उन्होंने 2015 में भी एवरेस्ट अभियान की शुरुआत की थी। 22 हजार फीट पर पहुंच चुकी थी। लेकिन 26 अप्रैल को नेपाल में आए भूकंप के कारण उनका अभियान स्थगित हो गया था। उनके अनेकों पर्वतारोही साथी इस हादसे की भेंट चढ़ गए थे।
इन चोटियों को कर चुकी है फतेह
वे इंडोनेशिया की कारस्टेन्स पिरामिड शिखर, यूरोप की एलबुर्स, अफ्रीका की किलिमंजारो, अंटार्कटिका की विन्सन को फतेह करने में कामयाब रहीं। अमेरिका की माउंट देनाली पर भी अनिता ने चढ़ाई की। देश की ये बहादुर बेटी आज हिंदुस्तान के हर युवा के लिए एक प्रेरणास्रोत है।