अजब प्रेम की गजब कहानी, महिला की वेशभूषा में प्रेमिका से मिलने PGI पहुंचा प्रेमी, सब रह गए दंग
प्यार अंधा होता है न सही देखता न गलत ऐसा हम अक्सर सुनते हैं। मगर कई दफा ऐसे उदाहरण सामने आते हैं कि ये बातें खुद ब खुद सच साबित हो जाती हैं। रोहतक में भी एक अजब ही तरीके का मामला सामने आया है।
रोहतक, जेएनएन। प्यार अंधा होता है, न सही देखता न गलत, ऐसा हम अक्सर सुनते हैं। मगर कई दफा ऐसे उदाहरण सामने आते हैं कि ये बातें खुद ब खुद सच साबित हो जाती हैं। रोहतक में भी एक अजब ही तरीके का मामला सामने आया है। यहां पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (पीजीआइएमएस) में भर्ती एक मरीज की पत्नी से मिलने के लिए उसका प्रेमी महिलाओं के वस्त्र पहनकर पहुंच गया। मगर जब सुरक्षा गार्डों को आरोपित की हरकतों को देख संदेह हुआ तो उसने आरोपित का पीछा किया।
इस दौरान आरोपित महिला के साथ वाशरूम से निकल रहा था तो उसे पकड़ने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपित गार्ड को धक्का देकर भागने लगा, लेकिन अन्य गार्डों की मदद से उसे पकड़ लिया। पकड़ने के बाद युवक को बेड पर बांध दिया गया और सच्चाई बताने के लिए कहा। वीडियो में युवक कह रहा है कि वह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए आता था। मगर पकड़ लिया गया, मैं इस महिला से प्रेम करता हूं। मैं किसी बात से नहीं डरता। फिलहाल आरोपित को पुलिस को सौंप दिया है।
जानकारी के मुताबिक गांव पोलंगी निवासी एक युवक का उपचार पीजीआइ के वार्ड 11 में चल रहा है। युवक के पैर में फ्रैक्चर के कारण उसे भर्ती किया गया है। युवक की पत्नी के साथ एक महिलाओं के कपड़े पहने हुए संदिग्ध कई दिनों से आ रहा था। बीच-बीच में आरोपित मरीज की पत्नी के साथ बैड पर लेटता भी था। बताया जा रहा है कि सुरक्षा गार्ड आरोपित पर कई दिनों से नजर रखे हुए थे। बुधवार रात को आरोपित महिला के साथ वाशरूम में गया। इसके बाद सुरक्षा गार्ड ने पीछा किया। काफी देर बाद जब वह वाशरूम से बाहर आया तो आरोपित पर गार्ड को शक हुआ। जब आरोपित को रोकने के लिए गार्ड ने कहा तो वह भागने लगा।
भागते हुए वह एक्सरे विभाग में पहुंच गया। हालांकि वहां पर सुरक्षा गार्डों ने उसे दबोच लिया। इसके बाद आरोपित ने पहने हुए कपड़े उतारे तो लोग भी अचंभा करने लगे। सुरक्षाकर्मियों की पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम सोनीपत के गांव सिलाना निवासी बताया। मौके पर स्टाफ ने पुलिस को सूचित कर दिया। आरोपित ने बताया कि वह महिला का प्रेमी है, और अस्पताल में उससे ही मिलने आता था। हालांकि इस दौरान महिला ने आरोपित को पहचानने से इन्कार कर दिया। फिलहाल आरोपित को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
सुरक्षा गार्ड को सम्मानित करने की घोषणा
मुख्य सुरक्षा अधिकारी मेजर नीरज शर्मा ने आरोपित को पकड़ने वाले सुरक्षा गार्ड को सम्मानित करने की घोषणा की है। बताया कि वार्ड 11 में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड जसबीर ने समझदारी दिखाते हुए आरोपित का पीछा किया और उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। उन्होंने बताया कि वह सुरक्षा गार्ड को उसके अच्छे कार्य के लिए सम्मानित करेंगे।