जल्द आएंगे अच्छे दिन, छटेंगे संकट के बादल : डा. अजय सिंह
अजय सिंह चौटाला ने कहा कि पैरोल खत्म होने के बाद उन्हें मंगलवार को जेल में हाजिर होना है और उनकी अनुपस्थिति में सांसद दुष्यंत चौटाला व आप के हाथ में संगठन को मजबूत करने की कमान रहेगी
हांसी, हिसार, जेएनएन। पूर्व सांसद डा. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि पैरोल की छुट्टी खत्म होने के बाद उन्हें मंगलवार को जेल में हाजिर होना है और उनकी अनुपस्थिति में सांसद दुष्यंत चौटाला व आप के हाथ में संगठन को मजबूत करने की कमान रहेगी। अजय चौटाला को पार्षद आशीष उर्फ पिंकू की बहन के विवाह समारोह में आशीर्वाद देने के लिए पहुंचे थे।
इससे पहले डा. चौटाला ने देपल गांव में इनेलो के पूर्व प्रधान कर्ण सिंह देपल की भतीजी के विवाह समारोह में भाग लिया और करीब 2 घंटे तक वर्करों के बीच संगठन को लेकर चर्चा करते रहे। वकील कालोनी में पार्षद आशीष के आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करते हुए डा. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि जल्द ही अच्छे दिन आएंगे और कार्यकर्ताओं पर से संकट के बादल छट जाएंगे।
नई ऊर्जा के साथ लहराएंगे परचम उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में भारी जोश और उत्साह को देख वो भी उत्साह से लबालब है। अपने करीबी नेताओं व पदाधिकारियों से अजय सिंह चौटाला ने कहा कि उनके जाने के बाद इसी तरह जोश और उत्साह बनाये रखने की जिम्मेदारी सांसद दुष्यंत चौटाला व आप लोगों की है। उन्होंने कहा कि पार्टी से नाराज होकर गए नेताओं व कार्यकर्ताओं को मनाया जा रहा है और सभी कार्यकर्ता नई शक्ति व ऊर्जा के साथ प्रदेश की राजनीति में अपना परचम लहराएंगे।
ये रहे मौजूद इस अवसर पर उनके साथ विधायक अनूप सिंह धानक, पूर्व जिला प्रधान राजेंद्र लितानी, उमेद सिंह लोहान, पूर्व हलका प्रधान इंद्र सिंह फौजी, राजीव शर्मा, पूर्व जिला युवा प्रधान अमित बूरा, राहुल मक्कड़, बाली भाटोल, शिव कुमार कुलाना, नंद लाल सरपंच, रविंद्र सैनी, कृष्ण मलिक सरपंच, सत्यनारायण सोरखी, सुनील चैनत, सहदेव यादव आदि उपस्थित थे।