दुष्कर्म के बाद गर्भवती हुई युवती ने दिया बच्चे काे जन्म, जेल में है आरोपित
दुष्कर्म के बाद गर्भवती हुई युवती के परिजनों ने न्याय की गुहार लगा कर गर्भ में पल रहे बच्चे का गर्भपात करवाने की इजाजत भी मांगी थी लेकिन उन्हें यह इजाजत नहीं मिल पाई।
भिवानी, जेएनएन। दुष्कर्म के केस तो लगातार सामने आते रहते हैं। मगर एक युवती दुष्कर्म के बाद गर्भवती हो गई तो अब उसने एक बच्चे काे जन्म दिया है। ऐसे में दुष्कर्म पीडि़ता और परिजन बेहद दुखी हैं। दरअसल शहर थाना क्षेत्र की दुष्कर्म पीडि़ता एक युवती ने रविवार शाम को चौधरी बंसीलाल सामान्य अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया है। युवती व बच्ची पूरी तरह से स्वस्थ है। दोनों को जच्चा वार्ड में महिला डाक्टर के साथ ही पुलिस की निगरानी में रखा गया है। इस मामले में दुष्कर्म का आरोपित जेल में बंद है। उसके खिलाफ महिला थाने में एफआइआर दर्ज की गई थी।
शहर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक 20 वर्षीय एक युवती का अपहरण कर करीब 9 माह पहले भिवानी के ही एक युवक ने दुष्कर्म किया था। युवती को डरा धमका कर कई बार दुष्कर्म किया गया था। जिसके बाद वह गर्भवती हो गई थी। दुष्कर्म के बाद गर्भवती हुई युवती के परिजनों ने न्याय की गुहार लगा कर गर्भ में पल रहे बच्चे का गर्भपात करवाने की इजाजत भी मांगी थी, लेकिन उन्हें यह इजाजत नहीं मिल पाई।
जिसके बाद अब रविवार को पीडि़त युवती को प्रसव पीड़ा होने पर चौ. बंसीलाल जच्चा वार्ड में दाखिल करवाया गया। वहां पर रविवार 4 बजकर 15 मिनट पर उसने बच्ची को जन्म दिया। बच्ची व मां स्वस्थ बताई जा रही है। महिला थाना प्रभारी नीलम के नेतृत्व में पीडि़ता को संभाला गया। महिला चिकित्सक की देखरेख में उसे विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही है।
---दुष्कर्म के इस मामले में महिला थाना पुलिस ने पीडि़ता के बयान पर आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया था। उसे गिरफ्तार कर जेल भी भेजा जा चुका है और कोर्ट में चालान भी पेश किया जा चुका है। पीडि़ता ने रविवार को सामान्य अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया है। उसकी देखरेख की जा रही है। बच्ची व उसकी मां पूरी तरह से स्वस्थ है।
-- नीलम, एसएचओ महिला थाना भिवानी --