हिसार में 21 साल बाद जनवरी के आठ दिनों में बारिश ने तोड़ा रिकार्ड, अभी भी छाए बादल
बारिश ने पिछले 21 वर्षों का रिकार्ड तोड़ा है। इससे पहले वर्ष 2001 में हिसार में 15 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। जबकि अबकी बार 29.2 एमएम बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार रात्रि से शनिवार तक 17 एमएम बारिश दर्ज की गई।
जागरण संवाददाता, हिसार। जनवरी के शुरुआती आठ दिनों में बारिश ने पिछले 21 वर्षों का रिकार्ड तोड़ा है। इससे पहले वर्ष 2001 में हिसार में 15 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। जबकि अबकी बार 29.2 एमएम बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार रात्रि से शनिवार तक 17 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है तो किसान के लिए बारिश खुशखबरी लेकर आई है।
बारिश के कारण प्रत्येक फसल को लाभ हुआ है। फसल ही नहीं बल्कि सब्जियों में भी सिंचाई की अब आवश्यकता कम ही है। जिले के किसानों ने इस वर्ष लगभग 87 हजार 870 हेक्टेयर क्षेत्र में सरसों की बिजाई की है। गेहूं की बिजाई 2 लाख 20 हजार हेक्टेयर, चना 10 हजार हेक्टेयर तथा चारा की बिजाई 15 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में की गई है।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने से बारिश शनिवार को भी झमाझम बारिश हुई। इसके साथ ही दिन व रात्रि के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बारिश के चलते कई क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। हिसार में दिन का तापमान सामान्य से दो डिग्री घटकर 17.8 डिग्री सेल्सियस और रात्रि तापमान सामान्य से आठ डिग्री बढ़कर 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों से रात्रि तापमान में बारिश के कारण बढ़ा है। जबकि कुछ समय पहले उत्तर पश्चिम भारत में सबसे ठंडा हिसार था।
जनवरी के पहले सप्ताह में हुई बारिश
1 जनवरी 2001- 15
1 जनवरी 2005- 13
3 व 4 जनवरी 2010- 10.5
3 जनवरी- 2015- 2.6
7 जनवरी 2017- 5.8
6 जनवरी 2019- 7.3
2 व 5 जनवरी 2020- 4.6
5 जनवरी 2021- 4.2
नोट- बारिश मिलीमीटर में है।