अशोक तंवर से मुलाकात करने पहुंचे अभय चौटाला, बोले- इनेलो में शामिल होंगे कई नेता
अभय चौटाला बोले - जरूरत पड़ी तो सरकार के खिलाफ मिलकर चलाएंगे आंदोलन। तंवर बोले - शिष्टाचार मुलाकात थी हालातों पर की चर्चा शामिल होने को लेकर नहीं कोई बातचीत
सिरसा, जेएनएन। सिरसा में बड़ी राजनीतिक मुलाकात ने ठंडी पड़ी राजनीति में सरगर्मी बढ़ा दी है। इनेलो के दिग्गज नेता अभय सिंह चौटाला ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर से डेढ़ घंटा मुलाकात की। मुलाकात में वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई। दो दिग्गज नेताओं की मुलाकात सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई। इसी बीच डा. तंवर के इनेलो में शामिल होने के कयास लगाए जाने भी शुरू हो गए लेकिन दोनों दिग्गज नेताओं ने इस सवाल को टाल दिया।
अभय सिंह चौटाला ने सिरसा में दोपहर 12 बजे की प्रेस कांफ्रेंस रखी और इसी दौरान वे कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर के आवास पर पहुंच गए। यहां डेढ़ घंटे तक उनकी मुलाकात हुई। राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी गई इस मुलाकात के बाद अभय चौटाला ने कहा कि अशोक तंवर से मुलाकात में राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि जब दो राजनेता बैठेंगे तो राजनीतिक मुद्दों पर ही चर्चा होगी। आम आदमी में सरकार के खिलाफ जनाक्रोश है।
जल्द ही हम मिलकर प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन कर सकते हैं। डा. अशोक तंवर के इनेलो में शामिल होने के सवाल पर अभय सिंह चौटाला ने कहा कि उनका तो इतना कहना है कि जरूरत पडऩे पर मिलकर आंदोलन करेंगे, आम आदमी की लड़ाई लड़ेंगे। बाकी सब सवालों के जवाब आज नहीं। वैसे इनेलो में कई दलों के नेता शामिल होने वाले हैं।
उधर अशोक तंवर ने कहा कि राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई है। प्रदेश के जो हालात हैं उन पर खुलकर बातचीत हुई है। अभय सिंह चौटाला उनके घर पर आए थे, शिष्टाचार मुलाकात है। इनेलो में शामिल होने से संबंधित सवाल पर कहा कि इस पर चर्चा नहीं हुई। यहां यह बता दें कि डा. अशोक तंवर के आवास पर अभय सिंह चौटाला दूसरी बार गए हैं। इससे पहले चुनाव विधानसभा चुनाव के दौरान डा. तंवर से बातचीत करने के लिए अभय सिंह चौटाला उनके आवास पर गए थे।