आभा आइडी से हरियाणा के किसी भी अस्पताल में इलाज की सुविधा, घर बैठे करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन
हिसार में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत आभा आईडी के उपयोग पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।

आभा आइडी से हरियाणा के किसी भी अस्पताल में इलाज की सुविधा (जागरण ग्राफिक्स)
HighLights
आभा आईडी से देश के किसी भी अस्पताल में इलाज की सुविधा।
घर बैठे ऑनलाइन पंजीकरण और अपॉइंटमेंट लेने की सुविधा मिलेगी।
एक मोबाइल नंबर से अधिकतम छह आभा आईडी बन सकेंगी।
जागरण संवाददाता, हिसार। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत आभा आइडी बनाने और इसके उपयोग की जानकारी देने के लिए शुक्रवार को डीसी कार्यालय में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
इसमें राज्य स्तर के अधिकारियों ने सरकारी और निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों के साथ आयुष, गृह, परिवहन, कृषि, राजस्व और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला में बताया गया कि आभा आइडी के माध्यम से मरीज देश के किसी भी अस्पताल में परामर्श और उपचार के लिए डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इसके साथ ही घर बैठे अस्पताल में पंजीकरण और पहले से अपाइंटमेंट लेने की सुविधा भी मिलेगी। इससे मरीजों को पंजीकरण खिड़की पर लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
एक मोबाइल नंबर से बन सकेंगी छह आभा आइडी
प्रशिक्षण में बताया गया कि एक मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करके अधिकतम छह आभा आइडी बनाई जा सकती हैं। आभा आइडी मरीज की डिजिटल स्वास्थ्य पहचान के रूप में काम करेगी।
इसके माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने और अस्पतालों में पंजीकरण की प्रक्रिया को सुविधाजनक करने का प्रयास किया जा रहा है। अगले चरण में ओपीडी स्लिप के साथ लैब, एक्सरे और अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट भी ऑनलाइन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
सरकारी और निजी अस्पतालों में बनेंगे अलग काउंटर
प्रशिक्षण देने के लिए राज्य स्तर से डा. गुरप्रीत और डा. डार्विन पहुंचे। आयुष्मान भारत की नोडल अधिकारी डा. अनामिका बिश्नोई ने अधिकारियों को आभा आइडी बनाने की प्रक्रिया और इसके फायदों की जानकारी दी। इस अवसर पर सिविल सर्जन डा. सपना गहलावत, आयुष्मान भारत की नोडल अधिकारी डा. अनामिका बिश्नोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
