दो बहनों का एक ही फिंगर प्रिंट बता रही आधार बायोमीट्रिक मशीन, एक्सपर्ट बोले- पहली बार सामने आया केस
दो बहनों के फिंगर प्रिंट आधार कार्ड बनाने वाली बायोमीट्रिक मशीन में एक समान बताए जा रहे हैं। दोनों बहने अलग-अलग आधार कार्ड बनवाने के लिए लोहारू भिवानी और चंडीगढ़ में अपने हाथों की सभी 10 अंगुलियाें के फिंगर प्रिंट दे चुकी लेकिन एक समान आते हैं।
सुरेश मेहरा, भिवानी : एक ही व्यक्ति की अंगुलियों के फिंगर प्रिंट समान नहीं होते। भिवानी जिले में दो बहनों के फिंगर प्रिंट आधार कार्ड बनाने वाली बायोमीट्रिक मशीन में एक समान बताए जा रहे हैं। आधार कार्ड दोनों बहनों के एक ही नंबर के हैं। दोनों बहने अलग-अलग आधार कार्ड बनवाने के लिए लोहारू, भिवानी और चंडीगढ़ में अपने हाथों की सभी 10 अंगुलियाें के फिंगर प्रिंट दे चुकी लेकिन एक समान आते हैं।
दोनों बहनों में से कोई भी एक आधार या कोई दूसरा डाक्यूमेंट बनवाने जाती है तो जिसका पहले बना है वही दूसरी का भी कंप्यूटर बना हुआ दर्शाता है। गांव गिगनाऊ निवासी हुकम सिंह की अजीब हालत बनी है। वह समझ नहीं पा रहे क्या किया जाए। लोहारू से चंडीगढ़ तक के चक्कर लगा चुके हैं लेकिन समाधान के नाम पर कुछ नहीं हो पा रहा है।
एक बहन का राशन कार्ड से तो दूसरी का फेमिली आइडी से कटा नाम
पिता हुकम सिंह कहते हैं मैं तो खेतीबाड़ी करता हूं। फिंगर प्रिंट एक जैसे होने से बड़ी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। 20 बार आधार बनवा लिए हर बार एक ही समस्या आ रही है। लोहारू कैनरा बैंक में बड़ी बेटी पूजा का खाता है। सुषमा का खुलवाने लगे और फिंगर प्रिंट लिए तो कंप्यूटर ने दिखाया आपका तो पहले से यहां खाता है। एक समान फिंगर प्रिंट के चलते फेमिली आइडी से सुषमा का नाम कट गया है तो राशन कार्ड से बड़ी बेटी पूजा का नाम कट गया है। इसके चलते परिवार का राशन कार्ड ही कट गया है। बेटियों की मां अनीता और पिता हुकम सिंह कहते हैं कि जब लोहारू जाते हैं तो भिवानी भेज देते हैं और भिवानी जाते हैं तो चंडीगढ भेज देते हैं। समझ नहीं आ रहा क्या किया जाए। कैसे बेटियों के जरूरी डाक्यूमेंट्स बनवाए जाएं।
बेटियों के 10वीं और 12वीं के प्रमाणपत्रों में एक में पिता का आधार नंबर
पूजा की 10वीं की सर्टिफिकेट में पिता हुकम सिंह के आधार नंबर लगे हैं। सुषमा के प्रमाणपत्रों में उनका अपना जो आधार बना है उसके नंबर लगे हैं। एक साल पहले पैन कार्ड बनवाने के लिए लोहारू सीएससी सेटर पर गए तो वहां पर फिंगर एक समान मिलने पैन कार्ड नहीं बन पाया। सुषमा का जन्म प्रमाण पत्र बनवाया गया है। पूजा का बनवाने के लिए अस्पताल गए तो उन्होंने आधार कार्ड मांगा। उसमें आधार नंबर एक समान हैं। इसलिए दिक्कत आई। फिंगर प्रिंट भी लिए गए लेकिन दोनों के एक समान होने के चलते पूजा जन्म प्रमाणपत्र नहीं बन सका है। अस्पताल वाले बोले आधार लेकर आओ तब बनेगा। आधार अलग से बना नहीं है।
दोनों बेटियों के आधार कार्ड दो और नंबर एक कैसे काम चले
पिता हुकम सिंह कहते हैं कि बड़ी बेटी पूजा का जन्म 18 मई 2003 को हुआ ओर छोटी बेटी सुषमा का जन्म 31 जुलाई 2004 का है। इन दोनों का आधार कार्ड का नंबर एक ही है। दोनों के अलग-अलग आधार कार्ड बनवाने के लिए कई बार प्रयास कर चुका हूं लेकिन फिंगर प्रिंट एक होने की वजह से आज तक नहीं बन पाया है। लोहारू, भिवानी और चंडीगढ़ मुख्यालय के चक्कर लगा चुका हूं। 27 अगस्त 2021 और इसके बाद 11 मई 2022 को सीएम विंडो भी लगा चुका हूं लेकिन समाधान नहीं हो पाया है। फिलहाल बड़ी बेटी पूजा ने लोहारू के चौ.बंसीलाल गर्ल्स कालेज से बीएससी की है। छोटी बेटी सुषमा इसी कालेज में बीए कर रही है। दाखिला भी किसी तरह करवाया है। इसमें भी बहुत दिक्कतें आ रही हैं।
कृषि मंत्री बोले- करवाएंगे समाधान
गांव में रविवार को एक कार्यक्रम में कृषि मंत्री जेपी दलाल आए तो दोनों बेटियां पूजा, सुषमा और उनके पिता हुकम सिंह मिले और एक समान फिंगर प्रिंट होने से आ रही समस्याओं के बारे में बताया। हुकम सिंह ने बताया कृषि मंत्री ने आश्वासन दिया है कि उपायुक्त से बात करके समस्या का समाधान करवांगे।
फिंगर प्रिंट एक जैसे आ रहे हैं : अधिकारी
पूजा और सुषमा दोनों बहनों के फिंगर प्रिंट एक जैसे होने से परेशानी आ रही है। हमने चंडीगढ़ मुख्यालय को भी लिखा है। आधार अलग-अलग नहीं होने से इनके जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
संजय कामरा, जिला समन्वयक, भिवानी।
फिंगर प्रिंट एक समान होना असंभव है : एक्सपर्ट व्यू
फिंगर प्रिंट तो एक इंसान की सभी अंगुलियों के ही नहीं मिलते। दो बहनों के कैसे मिल सकते हैं। कोई और तकनीकी दिक्कत हो सकती है। इसकी जांच करवानी चाहिए। अगर फिंगर प्रिंट मिलते हैं तो यह किसी अजूबे से कम नहीं है।
कुलदीप सिंह, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, भिवानी।
आज तक ऐसा केस सामने नहीं आया : एक्सपर्ट व्यू
वैसे तो कुदरत है कुछ भी हो सकता है। फिर भी आज तक दो लोगों के फिंगर प्रिंट एक जैसे हों ऐसा सामने नहीं आया। दोनों बहनों के फिंगर प्रिंट अलग-अलग एक्सपर्ट से भी चेक करवाए जाने चाहिए। कोई तकनीकी दिक्कत या और फिंगर प्रिंट आपस में एक समान हैं यह जांच में सामने आ पाएगा।
डीके भारद्वाज, हैंड राइटिंग एंड फिंगर प्रिंट्स एक्सपर्ट, रोहिणी कोर्ट, नई दिल्ली।