विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिसार में घर के बाहर खड़ी कार पर कुत्ते ने किया पेशाब, परिवार पर हमला; दंपती समेत तीन घायल

Published: Sun, 04 Oct 2026 10:32 PM (IST)

हिसार के सेक्टर-33 में एक पालतू कुत्ते द्वारा कार पर पेशाब करने को लेकर हुए विवाद में कार मालिक और कुत्ते की मालकिन के बीच कहासुनी हुई।

हमले में कार मालिक घायल। फोटो जागरण

हमले में कार मालिक घायल। फोटो जागरण

HighLights

  1. पालतू कुत्ते ने कार पर पेशाब किया, विवाद शुरू हुआ।

  2. कुत्ते की मालकिन ने परिवार पर हमला किया।

  3. हमले में बेटे शुभम का हाथ फ्रैक्चर हुआ।

जागरण संवाददाता, हिसार। शहर के सेक्टर-33 में रविवार सुबह घर के बाहर खड़ी एक कार पर पालतु कुत्ते ने पेशाब कर दिया। इसी बात को लेकर कार मालिक और कुत्ते की मालकिन के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि कुत्ते की मालकिन ने अपने बेटे और एक अन्य के साथ मिलकर कार मालिक श्यामलाल सिंंगला उनकी पत्नी लता सिंगला और बेटे शुभम पर हमला कर दिया।

हमले में सीए शुभम के एक हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। तीनों घायलों को परिचित और पड़ोसी उपचार के लिए नागरिक अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में लेकर आए। पूरा घटनाक्रम घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। नई अनाज मंडी पुलिस चौकी को मामले से अवगत करवा दिया है।

सुबह कार धोने के बाद पार्क के बाहर खड़े थे

सेक्टर -33 में रहने वाले श्यामलाल सिंगला ने बताया कि उनकी बरवाला में आढ़त की दुकान है। बेटा शुभम सीए है और घर पर आया हुआ था। उन्होंने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे घर के बाहर कार की साफ-सफाई की थी। उसके बाद पार्क में रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक थी। जिसमें मेयर प्रवीन पोपली को आना था।

इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली एक महिला अपने पालतु कुत्ते को लेकर आई। पालतु कुत्ते ने साफ की हुई कार पर पेशाब कर दिया। यह देखकर महिला को कहा कि हाथ में पकड़ी हुई चेन को खींच लेते तो कुत्ता कार पर पेशाब नहीं करता। महिला ने कहा कि गली के आवारा कुत्ते भी तो घुमते रहते हैं। उसके बाद महिला अपने कुत्ते को लेकर चली गई।

तीन लोगों ने परिवार पर किया हमला

उसके बाद करीब साढ़े 11 बजे महिला अपने बेटे और एक अन्य के साथ घर पर आई। तीनों ने मेरे बेटे शुभम के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। पत्नी बीच-बचाव करवाने आई तो उसके साथ भी मारपीट की। शोर सुनकर पार्क से घर की तरफ आया तो तीनों ने मुझ पर भी हमला कर दिया।

पड़ोसियों ने हमलावरों से छुड़वाया। बाद में हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। उसके बाद उपचार के लिए अस्पताल लेकर आए। चिकित्सक ने बताया कि शुभम के एक हाथ में हल्का सा फ्रैक्चर आया है। बताया जा रह है कि वारदात के बाद महिला पुलिस चौकी पहुंची और उसने भी शिकायत दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।