सातवीं कक्षा के छात्र के माथे को चीरती बाहर निकली थी गोली, हरियाणा के हिसार में किशोर पर हत्या का केस दर्ज
हिसार की शिव कॉलोनी में 12 वर्षीय छात्र दैविक गोयल की गोली लगने से मौत के मामले में पुलिस ने ...और पढ़ें

रियाणा के हिसार में किशोर पर हत्या का केस दर्ज (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
हिसार में 12 वर्षीय छात्र दैविक गोयल की हत्या।
नाबालिग दोस्त पर गोली चलाने का आरोप, केस दर्ज।
पोस्टमार्टम में माथे पर गोली लगने की पुष्टि हुई।
संवाद सहयोगी, हिसार। कस्बे की शिव कॉलोनी में 12 वर्षीय छात्र दैविक गोयल की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने मृतक के पिता रवि गोयल की शिकायत पर उसके नाबालिग दोस्त के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। बुधवार सुबह पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर सीन रीक्रिएट करवाया और फोरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई 32 बोर की पिस्तौल और कारतूस भी कब्जे में ले लिए हैं। नागरिक अस्पताल में हुए पोस्टमार्टम में राजफाश हुआ कि माथे पर लगी गोली सिर को चीरते हुए पार हो गई। आदमपुर थाना प्रभारी हरीश चंद्र शर्मा के अनुसार, पूछताछ के दौरान नाबालिग ने दैविक पर गोली चलाने की बात स्वीकार की है।
टूर की पैकिंग के बहाने घर ले जाने का आरोप
पुलिस को दिए बयान में रवि गोयल ने बताया कि उनका बड़ा बेटा दैविक 12 वर्ष और छोटा बेटा अक्षत 10 वर्ष का है। स्कूल में गांव शेखपुर दड़ौली निवासी और फिलहाल शिव कॉलोनी में किराये पर रहने वाले आरोपित छात्र भी पढ़ता है। दोनों सातवीं कक्षा के विद्यार्थी थे और उनके बीच अच्छी दोस्ती थी।
रवि गोयल के अनुसार 13 अक्टूबर की शाम आरोपित छात्र उनके घर आया था। दोनों दोस्तों को 17 अक्टूबर को स्कूल के टूर पर शिमला जाना था। इसके लिए उन्होंने कपड़ों की पैकिंग की। इसके बाद शाम करीब छह बजे आरोपित छात्र दैविक को पैकिंग करवाने की बात कहकर अपने साथ शिव कॉलोनी स्थित घर ले गया।
सारिका देवी के पास आया फोन
घटना से एक घंटा पहले दोनों छात्र बस स्टैंड रोड स्थित एक मोबाइल की दुकान पर टूर के लिए किराये पर मोबाइल लेने पहुंचे थे। हालांकि दुकानदार ने उन्हें मोबाइल किराये पर देने से मना कर दिया था। कुछ देर बाद आरोपित छात्र के घर से दैविक की मां सारिका देवी के पास फोन आया कि उनके बेटे को गोली लग गई है।
उसे अस्पताल ले गए वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रवि गोयल ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उनके बेटे को गोली मारी गई है। उन्होंने घटना के समय आरोपित छात्र, उसके बड़े भाई और मां के वहां मौजूद होने की बात भी कही।
