भिवानी में 26 वर्षीय महिला ने 4 साल की बेटी संग निगला जहर, इंटरनेट मीडिया पर स्टेटस लगा बताया दर्द
भिवानी जिले के रोहनात गांव में विवाहित 26 वर्षीय एक महिला ने अपनी साढ़े चार साल की बेटी सहित जहर निगल आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को शहर के सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया।
हिसार, जेएनएन। हिसार के गांव धान्सू के स्वास्थ्य केंद्र में जीएनएम के पद पर पदस्थ और भिवानी जिले के रोहनात गांव में विवाहित 26 वर्षीय एक महिला ने अपनी साढ़े चार साल की बेटी सहित जहर निगल आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को शहर के सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। मृतका के पिता ने बताया कि उसकी बेटी रवीना ने अपनी साढे 4 साल की बेटी जेस्वी संग अपनी ससुराल भिवानी के गांव में जहर निगल लिया।
मृतका के पिता हिसार की माल कॉलोनी निवासी धर्मवीर ने बताया उसने अपनी बेटी रवीना की शादी 2015 में भिवानी के रोहनात गांव निवासी मनीष से की थी। लेकिन शादी के बाद से रवीना को ससुराल में दहेज़ के लिए तंग किया जाता था। बुधवार रात को 11:15 बजे उसके छोटे भाई ने बेटी के फोन पर स्टेटस देखा। जिसमें बेटी ने सबको छोड़कर जाने की बात कही। मृतक के पिता ने बताया उसके छोटे भाई सुरेंद्र ने उन्हें फोन कर इस बात की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने अपने दामाद को फोन लगाया। लेकिन फोन उठाकर दामाद ने बात नहीं की। इसके बाद पता लगा कि उसकी बेटी और नातिन को बवानीखेड़ा अस्पताल में ले जाया गया है।
वहां से उसकी बेटी और नातिन को हिसार शहर के दो निजी अस्पतालों में दाखिल करवाया गया। जहां दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने सुचना मिलने पर दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका के पिता ने बताया उसकी बेटी के पास से दो पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें उसने अपने पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी, ननंद को दोषी ठहराया है।
मृतका के पिता ने बताया उसकी बेटी ने रात 10:55 पर उसके व्हाट्सएप पर वीडियो और सुसाइड नोट भेजे थे। लेकिन वह सो गया था। उसके छोटे भाई सुरेंद्र ने जब रवीना के स्टेटस को देखा तो उसे फोन किया। जिसके बाद रात 11:15 बजे उसने यह वीडियो और सुसाइड नोट देखा। इसके बाद वे उनके पास पहुंचे। जहां दोनों अस्पताल में भर्ती थी।