विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में दोस्त के पिता की लाइसेंसी पिस्तौल देखते समय चली गोली, 7वीं के छात्र की मौत

Published: Wed, 14 Oct 2026 12:38 AM (IST)

हिसार के आदमपुर में दोस्त के घर सामान पैक करने गए 12 वर्षीय दैविक गोयल की लाइसेंसी पिस्तौल से गोली ...और पढ़ें

दोस्त की लाइसेंसी पिस्तौल से चली गोली, सातवीं के छात्र की मौत।

दोस्त की लाइसेंसी पिस्तौल से चली गोली, सातवीं के छात्र की मौत।

HighLights

  1. 12 वर्षीय दैविक गोयल की गोली लगने से मौत।

  2. दोस्त के पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से चली गोली।

  3. आदमपुर (हिसार) में हुई यह दुखद घटना।

संवाद सहयोगी, मंडी आदमपुर (हिसार)। शिव कॉलोनी में मंगलवार शाम शिमला टूर पर जाने से पहले दोस्त के घर सामान पैकिंग के लिए गए 12 साल के दैविक गोयल की उसके दोस्त अजय सुथार के पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से गोली लगने से मौत हो गई। गोली माथे को चीरते हुए सिर के पीछे से पार हो गई।

गोली लगने से वैदिक फर्श पर गिर गया। घर में मौजूद दोस्त और उसकी मां घबरा गई। उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस लहुलूहान हालत में उसे नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हंसते-खेलते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बच्चे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार हिसार में मेडिकल एजेंसी का संचालन करने वाले आदमपुर निवासी रवि गोयल का 12 वर्षीय बेटा दैविक गोयल मंगलवार शाम को शिव कॉलोनी स्थित अपने दोस्त अजय सुथार के घर गया हुआ था। वह सातवीं कक्षा में पढ़ता था।

दैविक और उसका दोस्त अजय शिमला टूर पर जाने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार अजय अपनी घड़ी लेने के लिए अलमारी खोलने गया। अलमारी में अजय के पिता गौतम सुथार की लाइसेंसी पिस्तौल रखी थी।

बताया जा रहा है कि दैविक ने अजय से पिस्तौल के असली होने के बारे में पूछा। इसी दौरान अजय घड़ी लेकर कमरे से बाहर चला गया। बाहर उसकी मां गली में अन्य महिलाओं के साथ खड़ी थी। तभी अचानक कमरे से गोली चलने की आवाज आई। आवाज सुनकर आसपास के लोग और महिलाएं मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे

सूचना मिलते ही आदमपुर थाना प्रभारी हरीश चंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में दैविक को पुलिस की सहायता से आदमपुर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पड़ोसी उसे हिसार के नागरिक अस्पताल में ले गए। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर आदमपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। अचानक हुई इस घटना से परिवार और क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं।