Republic Day 2024: कर्तव्यपथ पर दिखेगा हिंदुस्तान का हौसला, हरियाणा के इन नायकों की खूब होगी वाह-वाही, PM भी हुए थे मुरीद
75th Republic Day 2024 आज पूरा देश 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। कर्तव्य पथ पर हरियाणा की प्रतिभा सृजित उपलब्धियां भी कदमताल करेंगी। हरियाणा का सम्मान आसमां पर होगा। दिल्ली के कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह का साक्षी बनने के लिए कैथल फतेहाबाद कुरुक्षेत्र से पांच सरपंच और दो अधिकारी परिवार साहित शामिल होंगे। कैथल के गांव मटौर के युवा सरपंच रमेश मौण को निमंत्रण मिला है।

जागरण टीम, हिसार। 75th Republic Day 2024: आज पूरा देश 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। दिल्ली के कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस के मौके पर शुक्रवार को कर्तव्य पथ पर परेड के दौरान भारत की बढ़ती सैन्य ताकत और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भव्य प्रदर्शन देखने को मिलेगा। वहीं, कर्तव्य पथ पर हरियाणा की उपलब्धियां भी देखने को मिलेगी।
इसलिए आसमां पर होगा हरियाणा का सम्मान
कर्तव्य पथ पर हरियाणा की प्रतिभा सृजित उपलब्धियां भी कदमताल करेंगी। हरियाणा का सम्मान आसमां पर होगा। इसलिए कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मन की बात करने का सुयश प्राप्त लोगों के साथ विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य योजनाओं को मूर्त रूप देने वाले तथा सामाजिक सरोकारों के प्रहरी को सम्मान पाने का सौभाग्य मिला है।
देश के गौरव को नजदीक से देखने का मिला अवसर
दिल्ली के कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह का साक्षी बनने के लिए कैथल, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र से पांच सरपंच और दो अधिकारी परिवार साहित शामिल होंगे। गणतंत्र दिवस परेड के गौरवशाली पल में शामिल होने के लिए सरपंच को बतौर विशेष मेहमान न्योता मिला है। इसके अलावा मन की बात में जिन प्रतिभाओं का जिक्र हुआ उन्हें भी निमंत्रण भेजा गया है।
कैथल के सरपंच को निमंत्रण
कैथल के गांव मटौर के युवा सरपंच रमेश मौण को निमंत्रण मिला है। उन्होंने बताया कि परंपरागत खेती के कारण उनका परिवार लगातार आर्थिक संकट के नीचे दबता जा रहा था। वर्ष 2009 में उन्होंने हिम्मत हारते हुए धरती माता के सामने हाथ जोड़ कर रोजगार के लिए शहर जाने का फैसला लिया। 2018-2019 में उसने इस फार्मूले को अपनाते हुए चार एकड़ में नेट हाउस और तीन एकड़ में बागवानी शुरू की। इस आधुनिक खेती के जरिये वर्ष 2020 के लॉकडाउन में उसे कुदरत ने छप्पर फाड़ मुनाफा दिया। उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें निमंत्रण मिला है।
फतेहाबाद के अरूण-संदीप ने योजनाओं को लागू करवाने में निभाई भूमिका
फतेहाबाद के रतिया क्षेत्र के एबीपीओ अरूण कुमार व रतिया क्षेत्र के ही एबीपीओ संदीप कुमार ने सरकार की योजनाओं को लागू करवाने में अहम भूमिका निभाई है। यही कारण है कि उन्हें भी निमंत्रण मिला है। फतेहाबाद के धारसूल खुर्द की सरपंच रीना देवी व लोहाखेड़ा के सरपंच बलजीत सिंह ने गांव को सुंदर बनाया है। इन गांवों में गालियां भी पकी है। तालाब का निर्माण हो गया है।
कुरुक्षेत्र के किसानों ने गांव को दिलाई पहचान
कुरुक्षेत्र के गांव हरिगढ़भोरख के सरपंच कमल कुमार व खेड़ी दाबदलान के सरपंच बलजोत सिंह को सम्मानित किया जाएगा। सरपंच कमल कुमार ने बताया कि उनको यह सम्मान उनके द्वारा गांव में करवाए गए विकास कार्यों के लिए दिया जा रहा है। गांव में उन्होंने सबसे ज्यादा ध्यान देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता अभियान पर दिया है। इसके लिए उन्होंने गांव में डोर टू डोर कचरे का प्रबंध करने के लिए टिपर लगाया है जो प्रतिदिन गांव से कचरे का कलेक्शन करता है।
दिल्ली स्थित हरियाणा भवन पहुंचे सरपंच
प्रदेश से आठ सरपचों को यह सम्मान दिया जा रहा है। जिसमें उनका नाम भी शामिल है। खेड़ी दाबदलान के सरपंच बलजोत सिंह ने कहा कि उन्होंने सरकार की नीतियों का अनुसरण करते हुए उसके अनुसार विकास कार्य कराया। गांव में साफ सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए गांव में लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर निर्माण कार्य कराए। दोनों सरपंच सम्मानित होने के लिए दिल्ली स्थित हरियाणा भवन पहुंच गए हैं।
कैथल के किसान ने दिया रोजगार
कैथल के फर्श माजरा गांव निवासी युवा किसान विरेंद्र सिंह यादव ने पराली प्रबंधन को कारोबार का रूप दिया और महज एक साल में दो करोड़ रुपये की कमाई कर डाली। इस सीजन में दो महीने में 50 लाख रुपये की आय हो चुकी है। दो सौ युवाओं को रोजगार भी दे रहे हैं। इसके चलते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनका जिक्र मन की बात कार्यक्रम में कर चुके हैं। विरेंद्र यादव को इस बार भी गणतंत्र दिवस पर विशेष निमंत्रण मिला है। 28 जनवरी तक वह दिल्ली भ्रमण पर रहेंगे।
भिवानी में स्वच्छता प्रहरी बन जीता दिल
भिवानी से दुल्हेड़ी गांव की युवा स्वच्छता जन सेवा समिति सदस्यों को गणतंत्र दिवस में अतिथि के तौर पर बुलाया गया है। पांच सदस्यीय टीम प्रधान पवन के नेतृत्व में वीरवार को दिल्ली पहुंच गई। जहां उन्हें अशोका होटल में ठहराया गया है। 27 व 28 जनवरी को प्रधानमंत्री का इनके साथ चाय का कार्यक्रम है। इनकी उपलब्धियों का जिक्र भी पीएम ने मन की बात में किया था।
जींद के होनहार को भी मिला मौका
जींद बीबीपुर गांव के पूर्व सरपंच व सेल्फी विद डॉटर अभियान चलाने वाले सुनील जागलान को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा 2019-20 में हरियाणा बोर्ड की परीक्षा में 500 में से 497 अंक प्राप्त करने वाले कर्तिक शर्मा को भी कार्यक्रम में बुलाया गया है।
यमुनानगर के किसान की सफलता की सुनाई थी कहानी
यमुनानगर के गांव हाफिजपुर के मधुमक्खी पालक किसान सुभाष कांबोज कर्तव्य पथ पर आयोजित 75वें गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में विशेष अतिथि होंगे। 26, 27 व 28 जनवरी को बतौर विशेष मेहमान अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दो बार मन की बात में सुभाष कांबोज के कार्य की प्रशंसा की है । 28 मार्च 2020 को 75वें एपिसोड में पीएम ने उनके कार्य की सराहना करते हुए अन्य किसानों के समक्ष उदाहरण पेश किया है। जुलाई 2022 में 91 वें एपिसोड के दौरान पीएम ने सुभाष कांबोज के जीवन सफलता की कहानी संक्षिप्त में सुनाई।
यह भी पढ़ें- Republic Day 2024: 1952 में निकाली गई ट्रैक्टर रैली के बदल गए मायने, शांति से लेकर विरोध तक की पूरी कहानी
दादरी जिले के प्रदीप सांगवान को भी किया जाएगा सम्मानित
दादरी जिले के कस्बा झोझू कलां निवासी और हीलिंग हिमालय फाउंडेशन के संयोजक प्रदीप सांगवान सम्मानित अतिथि शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मन की बात कार्यक्रम में दो बार जिक्र कर चुके हैं। प्रदीप सांगवान पिछले कई वर्षों से हिमाचल प्रदेश में हिमालय की वादियों में स्वच्छता अभियान चलाकर पर्वतों को संवारने का काम कर रहे हैं। उन्होंने 11 अप्रैल 2016 को हीलिंग हिमालय फाउंडेशन का गठन किया था।
प्रदीप सांगवान ने नहीं हारी हिम्मत
शुरूआत में काफी कम लोग इस अभियान से जुड़े लेकिन प्रदीप सांगवान ने हिम्मत नहीं हारी और अभियान को अपने स्तर पर ही जारी रखा। जिसका परिणाम यह हुआ कि अब फाउंडेशन की कोर टीम में छह और वाॉलंटियर्स के तौर पर करीब नौ हजार युवा जुड़े हैं। इस टीम की बदौलत अभी तक पहाड़ों व अन्य क्षेत्रों से लाखों टन कचरे का निस्तारण किया जा सका है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।