शर्मसार : पुत्रवधू से ट्यूशन पढ़ने आए सातवीं कक्षा के बच्चे से 70 वर्षीय वृद्ध ने किया कुकर्म
पीडि़त बच्चे ने घर पर पहुंचकर आपबीती बताई। आरोपित अर्धसैनिक बल से रिटायर हैै और कई प्राइवेट स्कूलों में शिक्षक भी रह चुका है। पीडि़त बच्चा नाते में आरोपित का भतीजा है।
बहादुरगढ़, जेएनएन। अब तक जहां महिलाओं और बच्चियों से दुष्कर्म के मामले सामने आ रहे थे, वहीं अब बच्चे भी सुरक्षित नहीं है। बहादुरगढ़ के आसौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में करीब 70 वर्षीय वृद्ध ने सातवीं कक्षा के बच्चे के साथ कुकर्म किया। पीडि़त बच्चा नाते में आरोपित का भतीजा है और परिवार से ही है। वह आरोपित के ही घर उसकी पुत्रवधू से ट्यूशन पढऩे आया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे जेल भेज दिया गया।
पीडि़त बच्चा 13 साल का है। उसके पिता के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बताया गया है कि पीडि़त बच्चा आरोपित के घर ट्यूशन पढऩे जाता था। दो दिन पहले जब वह ट्यूशन पढ़कर निकला तो वापस आते समय उसके ताऊ (आरोपित) ने उसे बहला फुसलाकर दूसरे घर के कमरे के अंदर ले गया।
वहां पर उसके साथ कुकर्म किया। पीडि़त बच्चे ने घर पर पहुंचकर आपबीती बताई तो परिजन थाने पहुंचे। बताया जा रहा है कि आरोपित अर्धसैनिक बल से रिटायर है और कई प्राइवेट स्कूलों में शिक्षक भी रह चुका है। इधर, पुलिस ने बच्चे का मेडिकल परीक्षण करवाया। उसमें कुकर्म की पुष्टि हुई। आसौदा थाना एसएचओ बीर सिंह ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार किया जा चुका है।