भाजपा के साथ न्यू इंडिया के लिए एकजुट हों युवा : मनीष यादव
न्यू इंडिया एवं न्यू हरियाणा बनाने के लिए युवा एकजुट हों। देश को सही दिशा प्रदान करने में युवाओं का बहुत बड़ा योगदान होता है यही युवा अब ठान चुके हैं कि एक बार फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया जाए। देश के मतदाता को यह भलीभाति पता है कि देश भाजपा एवं मोदी के ही हाथों में पूर्ण रूप से सुरक्षित है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : न्यू इंडिया एवं न्यू हरियाणा बनाने के लिए युवा एकजुट हों। देश को सही दिशा प्रदान करने में युवाओं का बहुत बड़ा योगदान होता है। युवा अब ठान चुके हैं कि एक बार फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया जाए। देश के मतदाता को यह भलीभांति पता है कि देश भाजपा एवं मोदी के ही हाथों में पूर्ण रूप से सुरक्षित है।
यह बातें मंगलवार की देर शाम भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष यादव ने डीएलएफ फेज-2 स्थित संगठन के कार्यालय में कही। यहां युवा मोर्चा के पदाधिकारियों की बैठक हो रही थी। इसमें फरीदाबाद, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़ एवं भिवानी जिला के अध्यक्ष एवं प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे। यहां सभी को मोर्चा के राष्ट्रीय अभियान विजय लक्ष्य-2019 के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। इनमें युवा आइकॉन नेटवर्क, नेशन विद नमो वालंटियर नेटवर्क, कैंपस एंबेसडर नेटवर्क, पहला वोट मोदी को संकल्प अभियान, ऑनलाइन प्रतियोगिता, नेशन विद नमो लेखक सम्मेलन, युवा संसद, कमल कप खेल प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, विजय लक्ष्य युवा सम्मेलन, कमल संदेश मोटरसाइकिल महारैली, स्टेट लेवल टाउन हॉल, नेशनल लेवल टाउन हॉल, वाट्सएप ग्रुप फॉर्मेशन, नमो एप डाउनलोड के बारे में विस्तार से चर्चा की गई।
मनीष ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अगुवाई में प्रदेश की भाजपा सरकार ने युवाओं को बिना भेदभाव के हर स्तर की नौकरी प्रदान की है। हाल ही में हरियाणा सरकार ने ग्रुप डी में लगभग 18 हजार युवाओं को नौकरी प्रदान की। नए भारत एवं नए हरियाणा का निर्माण हो रहा है। स्टैंडअप इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और मुद्रा योजना इस दिशा में काफी कारगर साबित हो रहा है। देश में आज लगभग 39,000 स्टार्टअप काम कर रहे हैं।